बॉलीवुड के किंग खान यानी कि शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने के लिए तैयार हैं। साल 2023 में ‘डंकी’, ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने के बाद से ही फैंस उनकी अगली फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। अब करीब तीन साल बाद शाहरुख फिल्म ‘किंग’ के जरिए सिनेमाघरों में दस्तक देने वाले हैं। वहीं खास बात यह है कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही अपनी कमाई को लेकर सुर्खियों में आ गई है। रिपोर्ट्स की मानें तो ‘किंग’ ने प्री-रिलीज डील्स के जरिए करीब 835 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।
रिलीज से पहले ही ‘किंग’ ने कैसे कमाए 835 करोड़?
View this post on Instagram
शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को बड़े बजट पर तैयार किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का अनुमानित बजट करीब 400 करोड़ रुपये है। वहीं, रिलीज से पहले ही इसके अलग-अलग राइट्स की डील से मेकर्स को 835 करोड़ रुपये की कमाई होने की खबर है। इसमें डिजिटल, थिएट्रिकल, ओवरसीज, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स की बिक्री से मिली रकम शामिल बताई जा रही है।
OTT राइट्स से मिली 275 करोड़ की रकम

फिल्म की सबसे बड़ी डील इसके डिजिटल राइट्स को लेकर बताई जा रही है। खबरों के मुताबिक, नेटफ्लिक्स ने ‘किंग’ के सभी भाषाओं के ग्लोबल स्ट्रीमिंग राइट्स करीब 275 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। इस बड़ी डील के साथ फिल्म ने रिलीज से पहले ही डिजिटल मार्केट में जबरदस्त कमाई कर ली है।
थिएट्रिकल राइट्स भी बिके महंगी कीमत पर

‘किंग’ के सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले इसके लोकल थिएट्रिकल राइट्स की भी बड़ी डील हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेन मरुधर ने फिल्म के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स करीब 250 करोड़ रुपये में हासिल किए हैं। यह रकम फिल्म के बिजनेस को लेकर बढ़ती उम्मीदों को दिखाती है।
ओवरसीज राइट्स से भी हुई मोटी कमाई

भारत के अलावा विदेशी बाजारों में भी शाहरुख खान की फिल्म को लेकर काफी दिलचस्पी बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फार्स फिल्म्स ने मिनिमम गारंटी डील के तहत ‘किंग’ के ओवरसीज थिएट्रिकल राइट्स करीब 175 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। जिसकी वजह से इस डील ने फिल्म की प्री-रिलीज कमाई को और बढ़ा दिया है।
सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स से भी भरी मेकर्स की झोली

डिजिटल और थिएट्रिकल डील्स के अलावा फिल्म के टीवी और म्यूजिक राइट्स से भी अच्छी कमाई हुई है। बताया जा रहा है कि ‘किंग’ के सैटेलाइट यानी टीवी राइट्स करीब 90 करोड़ रुपये में बिके हैं। वहीं, इसके म्यूजिक राइट्स की डील लगभग 45 करोड़ रुपये में हुई है। इस तरह सभी डील्स को मिलाकर फिल्म की कुल प्री-रिलीज कमाई करीब 835 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रिलीज से पहले ही 435 करोड़ के मुनाफे का दावा

रिपोर्ट्स में फिल्म का बजट करीब 400 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं, प्री-रिलीज डील्स से 835 करोड़ रुपये मिलने की खबरों के बेस पर फिल्म को करीब 435 करोड़ रुपये के प्रॉफिट में बताया जा रहा है। हालांकि, यह आंकड़ा रिपोर्टेड राइट्स डील पर बेस्ड है और इसे फिल्म का आखरी नेट प्रॉफिट नहीं माना जा सकता। असली बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन का पता रिलीज के बाद ही चलेगा।
कब रिलीज होगी शाहरुख खान की ‘किंग’?

शाहरुख खान की इस मच अवेटेड फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इससे पहले सिद्धार्थ और शाहरुख की जोड़ी फिल्म ‘पठान’ में साथ काम कर चुकी है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। ‘किंग’ की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। फिल्म में शाहरुख खान के साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और राघव जुयाल समेत कई कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब ऐसे में यहां ये देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद शाहरुख खान की ‘किंग’ बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।


Download Android App
Download iOS App




