ईद के मौके पर फिल्मी सितारों ने सोशल मीडिया पर अपनी शुभकामनाएं दीं। शबाना आजमी, फरदीन खान, स्वरा भास्कर और सोनाक्षी सिन्हा ने अपने परिवार के साथ तस्वीरें शेयर कीं। जन्नत जुबैर ने मदीना में ईद मनाई और अपनी धार्मिक यात्रा के अनुभव को साझा किया। सभी ने प्रशंसकों को ईद की बधाई दी।
ईद त्योहार के मौके पर सोमवार को फिल्म जगत के सितारे जश्न मनाते नजर आए। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कलाकारों ने खुशियों के त्योहार की प्रशंसकों को मुबारकबाद दी। सूची में अभिनेत्री शबाना आजमी, फरदीन खान के साथ ही स्वरा भास्कर, सोनाक्षी सिन्हा का भी नाम शामिल है।अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने दो तस्वीरें शेयर कीं। अपनी पहली तस्वीर में उन्होंने गुड़ी पड़वा, नवरात्रि, चेति चांद के साथ ईद की मुबारकबाद दी। वहीं, शेयर की गई दूसरी तस्वीर में वह पति जहीर के साथ नजर आईं। अभिनेत्री शबाना आजमी ने चांद की एक तस्वीर शेयर की और लिखा, “चांद मुबारक सबको।”
इंस्टाग्राम पर परिवार के साथ तस्वीर को शेयर करते हुए अभिनेता फरदीन खान ने लिखा, “यह ईद नई ऊर्जा, समझ और उस दयालुता का समय हो जो हमें एक साथ जोड़े। आपको और आपके परिवार को ईद मुबारक।“ तस्वीर में फरदीन के साथ उनके दोनों बच्चे और मां नजर आईं।
अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ईद के मौके पर बेटी राबिया, पति फहाद अहमद और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ तस्वीरों और वीडियोज को शेयर किया। एक तस्वीर में राबिया अपने दादा के साथ चांद देखती हैं, तो दूसरी पोस्ट में ईदी लेती दिखाई दीं। तस्वीर पर स्वरा ने लिखा, “राबू को ईदी मिल गई।“ इस बीच एक अन्य तस्वीर में स्वरा ने तंज कसा। तस्वीर के साथ अभिनेत्री ने लिखा, “उत्तर प्रदेश में ईद की नमाज के लिए जाते हुए लोग अपने ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट को संभालकर रखें।“
अभिनेत्री जन्नत जुबैर ने प्रशंसकों को ईद की मुबारकबाद देते हुए जानकारी दी कि वह मदीना में अपने परिवार के साथ ईद मना रही हैं। उनके साथ उनके पिता जुबैर अहमद रहमानी, मां नाजनीन जुबैर रहमानी और भाई अयान जुबैर रहमानी भी थे। धार्मिक यात्रा के दौरान पूरा परिवार पारंपरिक मुस्लिम परिधान पहने कैमरे के लिए पोज देता नजर आया। अपने प्रियजनों के साथ मदीना की यात्रा के अपने अनुभव को साझा करते हुए, जन्नत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा, “ईद मुबारक… आज अपने परिवार के साथ मदीना में ईद मनाई और मेरा दिल भर आया। एक सपना सच हुआ। अल्लाह हमारी प्रार्थनाओं और रोजा को स्वीकार करें और हम सभी को शांति, सुरक्षा और प्रेम प्रदान करें।”
सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में खूबसूरत शहर मदीना की झलक भी दिखी। जन्नत के साथ मदीना की यात्रा के दौरान उनकी करीबी दोस्त और एक्ट्रेस रीम समीर भी शामिल थीं। रीम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, “आज तक की मेरी सबसे अच्छी ईद। अल्लाह का बहुत-बहुत शुक्र है हर चीज के लिए।”


Download Android App
Download iOS App





