House Arrest Controversy: अश्लील कंटेंट पर ‘Ullu’ ऐप ने मानी गलती, बजरंग दल से मांगी माफी, ये है वजह

Summary :

‘Ullu’ ऐप ने ‘हाउस अरेस्ट’ विवाद पर बजरंग दल से मांगी माफी

उल्लू ऐप ने ‘हाउस अरेस्ट’ शो के विवादित एपिसोड हटाकर बजरंग दल से माफी मांगी है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप के बाद ऐप ने शो को हटा दिया और अपनी गलती स्वीकार की। बजरंग दल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी।

डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘Ullu App’ पर प्रसारित हुए ‘हाउस अरेस्ट’ शो को लेकर चौतरफा विरोध और आक्रोश देखने को मिल रहा है। मामले को लेकर एजाज खान और निर्माताओं को समन भी जारी हो चुका है। उल्लू ऐप ने शो के सारे एपिसोड हटाने के बाद हिंदू संगठन बजरंग दल से माफी मांगी है। उल्लू ऐप पर ‘हाउस अरेस्ट’ शो को लेकर बजरंग दल ने शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गर्माता देख उल्लू ऐप ने हाउस अरेस्ट के सभी शो हटा दिए और बजरंग दल से औपचारिक तौर पर पत्र लिखकर माफी मांगी है।

असुविधा के लिए माफी

उल्लू ऐप ने माफी मांगते हुए लिखा, “हम आपको सूचित करते हैं कि उल्लेखित शो के सभी एपिसोड 3-4 दिन पहले हटा दिए गए थे। यह रिलीज आंतरिक टीम की अनदेखी और लापरवाही का परिणाम था, जिसे हम स्वीकार करते हैं। कानून का पालन करने वाली संस्था के रूप में हम शो के रिलीज से हुई किसी भी असुविधा के लिए माफी मांगते हैं। हम इस मामले को ध्यान में लाने के लिए आपकी सतर्कता और सक्रिय नजरिए की सराहना करते हैं। एक बार फिर हम इसके कारण उत्पन्न हुई किसी भी तरह की परेशानी या व्यवधान के लिए खेद व्यक्त करते हैं।”

अश्लील चित्रण

धार्मिक भावनाओं को आहत करने और महिलाओं के अश्लील चित्रण के आरोप के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता गौतम रावरिया की शिकायत के आधार पर मुंबई की अंबोली पुलिस ने प्रोड्यूसर राजकुमार पांडे और होस्ट एजाज खान के खिलाफ 2 मई को एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 3(5), आईटी एक्ट की धारा 67(अ) और 67, साथ ही महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम की धारा 4, 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है।

शो की जांच

गौतम रावरिया ने अपने बयान में कहा कि उन्हें 25 अप्रैल को ‘हाउस अरेस्ट’ वेब सीरीज के बारे में जानकारी मिली, जिसमें महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा और सीन प्रस्तुत किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कंटेंट ‘देवी समान महिलाओं’ का अपमान करता है। बजरंग दल के कार्यकर्ता ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया और टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से इस शो को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। जब उन्होंने शो की जांच की, तो पाया कि यह वेब सीरीज न केवल उल्लू ऐप पर उपलब्ध है, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसके लिंक शेयर किए जा रहे हैं।

‘हाउस अरेस्ट’ सीरीज बंद

रावरिया का आरोप है कि प्रोड्यूसर राजकुमार पांडे और होस्ट एजाज खान ने मिलीभगत करके ऐसा कंटेंट तैयार किया जो महिलाओं का अपमान करता है और समाज में गलत मैसेज देता है। जब उन्होंने एजाज खान से इस पर बात करनी चाही, तो उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इसके बाद, बजरंग दल की ओर से शुक्रवार को उल्लू ऐप के अंधेरी पश्चिम स्थित कार्यालय में एक लिखित आवेदन देकर ‘हाउस अरेस्ट’ सीरीज को बंद करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.