सामंथा रूथ प्रभु ने इंटरव्यू में बताया कि ‘ऊ अंतावा’ गाना उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण फैसला था। उन्होंने कहा कि सेट पर 500 लोगों के सामने परफॉर्म करते हुए वह बहुत नर्वस थीं। यह गाना उनके लिए सिर्फ एक परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि खुद को एक नए रूप में साबित करने का मौका था।
साउथ सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु अपने अभिनय के साथ-साथ अपने लुक्स के लिए भी अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं। लेकिन जब उन्होंने अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा: द राइज’ के चर्चित गाने ‘ऊ अंतावा’ में अपनी हॉट अदाओं से दर्शकों को चौंकाया, तो उनका यह नया अवतार सभी के लिए एक सरप्राइज था। वहीं अब हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सामंथा ने इस गाने को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं, जिसमें उन्होंने बताया कि यह उनके करियर का सबसे मुश्किल फैसला था। आगे सामंथा ने क्या कुछ कहा, आइए जानते हैं।
“मैं हैरान रह गई”
इंटरव्यू में सामंथा ने कहा कि उन्होंने कभी भी खुद को ‘हॉट’ या ‘सेक्सी’ नहीं समझा था। एक्ट्रेस के मुताबिक, “मैंने जब यह गाना पहली बार सुना और जब मुझे इसके लिए अप्रोच किया गया, तो मैं हैरान रह गई। मुझे यकीन नहीं हो रहा था कि मुझे ऐसा कुछ ऑफर किया गया है, क्योंकि मैंने अपने करियर में इससे पहले ऐसा कुछ नहीं किया था।”

“सेट पर करीब 500 लोग”
सामंथा ने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान उनके लिए स्थिति और भी मुश्किल थी। “सेट पर करीब 500 लोग मौजूद थे और मुझे उनके सामने परफॉर्म करना था। मैं बहुत नर्वस थी और सेट पर कांप रही थी। लोग मुझे हमेशा एक क्यूट और चुलबुली एक्ट्रेस के रूप में देखते आए हैं, लेकिन इस गाने में मुझे खुद को बिल्कुल अलग तरीके से दिखाना था – एक ग्लैमरस और बोल्ड अंदाज में।” उन्होंने आगे कहा, “यह मेरे लिए सिर्फ एक गाना नहीं था, बल्कि खुद को एक नए रूप में साबित करने का मौका था। मैंने इसे चैलेंज के रूप में लिया और पूरी मेहनत के साथ इसे निभाया।”
करियर को मिला नया मोड़
जैसे ही यह गाना रिलीज हुआ, दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और ‘ऊ अंतावा’ सुपरहिट बन गया। सामंथा की परफॉर्मेंस को ना सिर्फ सराहा गया बल्कि इसने उन्हें एक नए आयाम पर खड़ा कर दिया। आज भी यह गाना दर्शकों के बीच उतना ही पॉपुलर है जितना रिलीज के समय था। हालांकि, ‘पुष्पा 2’ में सामंथा की जगह एक्ट्रेस श्रीलीला ने आइटम नंबर किया। वह अल्लू अर्जुन के साथ गाने ‘किसिक’ में नजर आईं, लेकिन ‘ऊ अंतावा’ जैसा जादू यह गाना नहीं चला पाया। वहीं सामंथा के इस इंटरव्यू के बाद इतना तो साफ हैकि हर एक्टर के जीवन में चैलेंज होते हैं।


Download Android App
Download iOS App





