Vikram Misri के समर्थन में सितारे, ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

Summary :

पुलकित सम्राट ने ट्रोलर्स को लगाई लताड़

विदेश सचिव विक्रम मिस्री को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन फिल्म और राजनीतिक जगत के सितारे उनके समर्थन में खड़े हैं। पुलकित सम्राट ने सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स को फटकार लगाई और कहा कि देश की सेवा करने वाले व्यक्ति को अपमानित करना शर्मनाक है। सोन्या अयोध्या ने भी ट्रोलर्स की देशभक्ति पर सवाल उठाए।

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बाद 10 मई को संघर्ष विराम की घोषणा करने के बाद से विदेश सचिव विक्रम मिस्री ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए हैं। राजनीतिक जगत की हस्तियों के साथ ही फिल्म इंडस्ट्री के सितारे भी उनके समर्थन में नजर आए। अभिनेता पुलकित सम्राट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर ट्रोलर्स को जमकर लताड़ लगाई।

इंस्टाग्राम पर पुलकित सम्राट ने एक अंग्रेजी समाचार पत्र की कटिंग को शेयर किया, जिसमें लिखा है, “सरकार की ओर से भारत-पाक युद्ध विराम की घोषणा करने के बाद से विदेश सचिव विक्रम मिस्री सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुए। विदेश सचिव की बेटी को भी अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें अपने एक्स अकाउंट को प्राइवेट करना पड़ा।”

सोशल मीडिया पर बढ़ते ट्रोलिंग को देखते हुए राजनीतिक जगत की हस्तियों ने विदेश सचिव का समर्थन किया। मिस्री के समर्थन में सामने आए पुलकित सम्राट ने इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘शर्मनाक’ बताया। पुलकित ने लिखा, “एक ऐसे भारतीय को गाली देना शर्मनाक है, जिसने कई वर्षों तक देश की सेवा की है और अभी भी कर रहा है!”

अभिनेता का मानना है कि उन्हें खरी-खोटी सुनाने वालों को आत्मविश्लेषण करने या अपने अंदर झांकने की जरूरत है। उन्होंने आगे लिखा, “हम सभी को रुककर अपने अंदर गहराई से देखने की जरूरत है! आइए सब एक इंसान बनें, एक सच्चे भारतीय बनें।” ‘कसौटी जिंदगी की’ फेम सोन्या अयोध्या ने भी ट्रोलर्स को फटकार लगाई। उन्होंने इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर शेयर किए पोस्ट में लिखा, “ट्रोल्स देशभक्त नहीं होते, अपनी व्यक्तिगत कुंठा को देशभक्ति न समझें।”

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ट्रोलिंग मामले में आईएएस एसोसिएशन की भी प्रतिक्रिया सामने आई। एसोसिएशन ने कहा, “ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभाने वाले सिविल सेवकों पर अनुचित व्यक्तिगत हमलों की हम निंदा करते हैं।” एक्टर्स के साथ ही राजनीतिक हस्तियां भी विक्रम मिस्री के समर्थन में दिखाई दीं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी उनके समर्थन में पोस्ट किया और कहा कि किसी राजनयिक को राजनीतिक फैसलों के लिए उन्हें दोषी ठहराना गलत है।

Punjab: पाकिस्तान को संवेदनशील रक्षा जानकारी लीक करने के आरोप में एक गिरफ्तार

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.