दिल्ली की शालीमार विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। गायक कैलाश खेर शपथ ग्रहण समारोह में प्रस्तुति देंगे। खेर ने सोशल मीडिया पर एक मोशन पोस्टर शेयर कर बताया कि वह दिल्लीवासियों को संगीतमय उपहार देने के लिए तैयार हैं। कैलाश खेर के इस गाने का टाइटल है ‘ये शंखनाद है’ और इसके बोल कुछ इस तरह हैं- ‘जय का विजय का, सनातन उदय का, ये शंखबाद है।’
कैलाश खेर ने लिखा ये खास पोस्ट
इस गाने के बार में सूचित करते हुए कैलाश खेर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया है। इसमें उनके गाने की चंद पंक्तियां सुनने को मिल रही हैं, जो इस प्रकार हैं। ‘आपदा का अंत है, विकास की शुरुआत है, ये शंखनाद है।’ उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, ‘शपथ ग्रहण के साथ-साथ इस ऐतिहासिक तथा साहसिक विजय की बधाई स्वरूप, दिल्ली के परमात्म स्वरूपी हर दिल्ली वासी को यह संगीतमय उपहार। कैलाश खेर तथा कैलासा ( KEPL ) द्वारा दिल्ली को समर्पित कुछ ही क्षणों में विमोचित दिल्ली विजय गीत।’ इस गाने के पोस्टर में कैलाश खेर हाथ में शंक लिए नजर आ रहे हैं। उनके चारों तरफ भाजपा का झंडा देखने को मिल रहा है।
गेस्ट लिस्ट में शामिल है कैलाश खेर का नाम
बता दें, दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित हो रहा है। इस समारोह में शामिल होने वाले गेस्ट की लिस्ट में भी कैलाश खेर का नाम शामिल है। कहा जा रहा है कि समारोह में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर द्वारा संगीत प्रस्तुति भी दी जाएगी। ऐसे में ये तय लग रहा है कि गायक अपनी खास पेशकश के तौर पर ‘ये शंखनाद है’ को ही प्रस्तुत करेंगे। रेखा गुप्ता, दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। शपथग्रहण के बाद वह मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी विधायकों के साथ यमुना की सफाई का काम देखने जाएंगी।


Download Android App
Download iOS App



