Deepika Padukone की Oscar स्पीच देख इंप्रेस हुईं Kangana Ranaut, कहा- ‘कितनी खूबसूरत हैं…’

Summary :

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने दीपिका पादुकोण की जमकर तारीफ की है। एक्ट्रेस का एक ट्वीट सामने आया है जो कि इंटरनेट पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। साथ ही उन्होंने आरआरआर के गाने नाटू-नाटू की जमकर तारीफ की है।

साउथ के मशहूर डायरेक्टर एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर ने दुनियाभर में भारत का नाम रौशन कर दिया है। साउथ के सुपरस्टार राम चरण और जूनियर एनटीआर की फिल्म ने 95वें ऑस्कर अवॉर्ड शो में धूम मचा दी है। फिल्म के गाने ‘नाटू नाटू’ ने ऑस्कर अवॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसके बाद से देशभर में लोग इस बात की खुशी मना रहे हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने भी ऑस्कर अवॉर्ड शो में देश का मान बढ़ाया। दीपिका ने इस दौरान फिल्म आरआरआर के लिए एक शानदार स्पीच भी दी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उस पर खूब रिएक्ट भी कर रहे हैं। वहीं, अब दीपिका की स्पीच पर फिल्म इंडस्ट्री की पंगा क्वीन यानि एक्ट्रेस कंगना रनौत ने ट्वीटर पर खास पोस्ट किया है जो सुर्खियां बटोर रहा है।
दरअसल, दीपिका यहां RRR के सॉन्ग परफॉर्मेन्स के लिए बतौर प्रजेंटर मौजूद थीं। इस खास इवेंट में दीपिका ने ब्लैक ऑफ शोल्डर गाउन के साथ डायमंड नेकलेस और पर्ल ब्रेसलेट-रिंग्स पहनी थी। जिसमें वो बेहद स्टनिंग लग रही थीं। इस दौरान एक्ट्रेस ने आरआरआर के गाने नाटू-नाटू की जमकर तारीफ की है।

कंगना रनौत ने ट्वीटर पर दीपिका का स्पीच वीडियो शेयर किया है। इसी के साथ उन्होंने दीपिका पादुकोण की दिल खोलकर तारीफ भी की है। एक्ट्रेस ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘कितनी खूबसूरत हैं दीपिका पादुकोण पूरे देश को एक साथ लेकर खड़े होना, अपनी छवि, प्रतिष्ठा को उन नाजुक कंधों पर ले जाना और इतने शालीनता और आत्मविश्वास से बोलना आसान नहीं है। दीपिका इस बात की गवाही देती हैं कि भारतीय महिलाएं सर्वश्रेष्ठ हैं।’
हमेशा ही बॉलीवुड स्टार्स को अपने निशाने पर लेने वाली कंगना का ये अंदाज हर किसी को पसंद आ रहा है। बता दें कि कंगना ने ना सिर्फ दीपिका की तारीफ की है बल्कि उन्होंने फिल्म आरआरआर की टीम को ऑस्कर जीतने पर बधाई भी दी है। कंगना ने कार्तिकी गोंजाल्विस और गुनीत मोंगा की फिल्म द एलिफेंट व्हिस्परर्स को ऑस्कर मिलने पर भी रिएक्ट किया है।

Desk Team