नहीं रहे कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज, PM मोदी से लेकर इन मशहूर दिग्गजों ने जताया दुख !

Summary :

एंटरटेंमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुख भरी खबर सामने आ रही है। कथक सम्राट के नाम से मशहूर पंडित बिरजू महाराज का निधन हो गया है। हार्ट अटैक के चलते उनका निधन हुआ। पद्म विभूषण से सम्मानित 83 वर्षीय बिरजू महाराज ने रविवार देर रात दिल्ली में अंतिम सांस ली।

एंटरटेंमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुख भरी खबर सामने आ रही है। आज देश को एक बड़ा नुक्सान हुआ है। कथक सम्राट के नाम से मशहूर पंडित बिरजू महाराज का निधन हो गया है। हार्ट अटैक के चलते उनका निधन हुआ। पद्म विभूषण से सम्मानित 83 वर्षीय बिरजू महाराज ने रविवार देर रात दिल्ली में अंतिम सांस ली। 
रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को देर रात बिरजू महाराज अपने पोते के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और वह अचेत हो गए। इसके बाद उन्हें परिजन दिल्ली के ही साकेत के एक अस्पताल में ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बिरजू महाराज के निधन की खबर से संगीत प्रेमियों में अब शोक की लहर छा गई।
परिवार वालों ने मीडिया को बताया कि कुछ दिनों पहले ही वो किडनी की समस्या से उबरे थे और फिलहाल डायलिसिस पर थे। बता दे, बिरजू महाराज का पूरा नाम बृज मोहन नाथ मिश्र था। उनका जन्म 4 फरवरी 1937 को लखनऊ के प्रसिद्ध कथक नर्तक परिवार में हुआ था। लखनऊ घराने से ताल्लुक रखने वाले बिरजू महाराज कथक नर्तक होने के साथ-साथ शास्त्रीय गायक भी थे। ऐसे में, पंडित बिरजू महाराज के निधन से बॉलीवुड में भी मातम छा गया है। सेलेब्स सोशल मीडिया पर पंडित बिरजू महाराज के निधन पर शोक जता रहे हैं।

सिंगर अदनान सामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पंडित जी को आखिरी प्रणाम किया। उन्होंने लिखा, ‘महान कथक नर्तक-पंडित बिरजू महाराज जी के निधन की खबर से अत्यंत दुखी हूं। हमने एक महान कलाकर को खो दिया। उन्होंने अपनी प्रतिभा से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। उनको शांति मिले।’

फिल्म मेकर अशोक पंडित ने ट्वीट कर लिखा, ‘कथक सम्राट और गायक पद्म विभूषण पंडित #birjumaharaj जी के दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। यह एक युग का अंत है। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। शांति!’

निर्माता निर्देशक सुभाष घई ने भी पंडित जी के निधर पर शोक जताते हुए लिखा, ‘कथक नृत्य उस्ताद से मेरी पहली शिक्षा मेरे कॉलेज युवा उत्सव में हुई थी, जब उन्होंने भगवान कृष्ण और राधा के बीच अपनी दो आंखों से बात करते हुए एक भाव प्रस्तुत किया था। डांस का मतलब शरीर से है, लेकिन आत्मा आंखों में है। यही कारण था ये कथक नृत्य में जगत गुरु थे।’

पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘भारतीय नृत्य कला को विश्वभर में विशिष्ट पहचान दिलाने वाले पंडित बिरजू महाराज जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना संपूर्ण कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘पंडित बिरजू जी महाराज भारत की कला और संस्कृति के प्रवर्तक थे। उन्होंने कथक नृत्य के लखनऊ घराने को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाया। उनके निधन से गहरा दुख हुआ है। उनका निधन कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।’

Desk Team