बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद अब नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम अभिनेता के घर मन्नत भी पहुंची। दरअसल अधिकारियों का कहना है कि एनसीबी की टीम शाहरुख के घर किसी भी प्रकार की जांच के लिए नहीं बल्कि पेपर वर्क पूरे करने के लिए पहुंची है। जबकि दूसरी तरफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की दूसरी टीम बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे के घर भी पहुंची, साथ ही वहां छापा भी मारा।

मालूम हो, शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को बीते 2 अक्टूबर को क्रूज पर चल रही रेव पार्टी से हिरासत में लिया गया था। जिसके बाद वह मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद हैं। ऐसे में काफी दिनों बाद गुरुवार की सुबह शाहरुख खान भी उनसे मिलने वहां पहुंचे। जहां शाहरुख और आर्यन ने करीब 15 मिनट तक मुलाकात की, हालांकि बाहर निकलकर उन्होंने मीडिया से इस सिलसिले में कुछ नहीं कहा।

वहीं शाहरुख से मुलाकात के कुछ देर बाद ही एनसीबी की टीम उनके घर मन्नत पहुंच गई। जबकि एनसीबी ने अनन्या पांडे को दोपहर दो बजे पूछताछ के लिए भी बुलाया गया है। दरअसल, एक्ट्रेस का नाम क्रूज ड्रग्स मामले से जुड़ी व्हाट्सएप चैट में शामिल था।

बता दें, 20 अक्टूबर को आर्यन खान की जमानत याचिका भी सत्र न्यायालय ने खारिज कर दी थी। न्यायालय का कहना था कि आर्यन खान की व्हाट्सएप चैट से उनके ‘अवैध ड्रग्स गतिविधियों’ में शामिल होने का पता चलता है।

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, प्रथम दृष्टया व्हाट्सएप चैट से यह खुलासा हुआ है कि आर्यन खान नियमित रूप से मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों में शामिल थे। इसके बाद कोर्ट ने आर्यन खान की जमानत याचिका पर फैसला सुनाते हुए आगे कहा था, ऐसे में यह नहीं कहा जा सकता है कि जमानत पर बाहर रहने के बाद आर्यन ऐसे अपराध नहीं करेंगे। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि भले ही आर्यन के पास कोई ड्रग्स बरामद नहीं हुआ, लेकिन उन्हें पता था कि उनके दोस्त अरबाज मर्चेंट के जूतों में छह ग्राम चरस थी।


Download Android App
Download iOS App



