Rajasthan मेरी पसंदीदा जगह, 6 से 7 फिल्में कर चुका हूं : Deepak Dobriyal

Summary :

आईफा अवार्ड्स के लिए जयपुर पहुंचे दीपक डोबरियाल

हिंदी फिल्मों के शानदार अभिनेता दीपक डोबरियाल को राजस्थान काफी पसंद हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हें जयपुर, उदयपुर घूमना काफी पसंद है। दरअसल, अभिनेता 25वें अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा) में हिस्सा लेने के लिए जयपुर पहुंच चुके हैं।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान अभिनेता दीपक डोबरियाल ने कहा कि आईफा को 25 साल पूरे होने पर बधाई। मेरे पास कुछ प्रोजेक्ट हैं, जिन पर काम प्रगति पर है। राजस्थान मेरी पसंदीदा जगह है, मैं यहां पहले ही छह-सात फिल्में कर चुका हूं। राजस्थान जितना बड़ा है, वह मेरे धैर्य शक्ति को भी बढ़ा देता है। यहां सर्दियों और गर्मियों में भी शूटिंग करने का अपना एक अलग आनंद है। भीलवाड़ा, जयपुर, उदयपुर घूम चुका हूं। मैं चाहता हूं कि यहां पर ज्यादा से ज्यादा लोग आए।

अपने गेटअप को लेकर उन्होंने कहा कि मैं राजस्थान आ रहा हूं, तो इसलिए मैंने अपनी मूंछें भी बढ़ाई हैं।

IIFA 2025 Jaipur: Madhuri Dixit समेत जयपुर पहुंचे ये Celebs, एक्ट्रेस ने कहा- ‘मेरा पुराना रिश्ता..’

बता दें कि दीपक डोबरियाल हिन्दी फिल्मों में अपने अलग-अलग किरदार के लिए जाने जाते हैं। कॉमेडी हो या फिर एक्शन सभी तरह के किरदारों में उन्होंने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी हैं। दर्शकों ने इन्हें फिल्म दबंग-2 में सलमान खान के साथ भी देखा है। इसके अलावा उन्होंने सलमान खान के साथ फिल्म प्रेम रतन धन पायो में भी काम किया था। सलमान के साथ वह सह कलाकार के तौर पर काफी पसंद किए गए थे। इसके अलावा वह तनु वेड्स मनु रिटर्न्स में भी शानदार कलाकारी के लिए जाने जाते हैं।

बता दें कि इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (आईफा) अवॉर्ड्स जयपुर में अपनी रजत जयंती मनाने जा रहा है। इस साल इसका थीम है ‘सिल्वर इज द न्यू गोल्ड।’ जयपुर प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह के लिए बॉलीवुड की हस्तियां गुलाबी नगर पहुंच चुकी हैं।

अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और नुसरत भरूचा जयपुर पहुंच चुकी हैं। इनके अलावा अभिनेता विजय वर्मा, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी जयपुर पहुंच चुके हैं। आईफा अवार्ड्स का ग्रैंड फिनाले 9 मार्च को होगा, जहां भारतीय सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ कार्यों और कलाकारों को प्रतिष्ठित आईफा ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.