राम मंदिर भूमि पूजन पर लता मंगेशकर से लेकर अनुपम खेर सहित इन सेलेब्स ने दी शुभकामनाएं

Summary :

5 अगस्त बुधवार यानी आज अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए भूमि पूजन किया गया। सालों से इस पल का देशवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे जो आज जाकर पूरा हुआ।

5 अगस्त बुधवार यानी आज अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए भूमि पूजन किया गया। सालों से इस पल का देशवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे जो आज जाकर पूरा हुआ। इसे लेकर पूरे देश में बहुत उत्साहित नजर आए। इतना ही नहीं ऐसा ही उत्साह फिल्म इंडस्ट्री के सितारों में भी दिखाई दिया। हालांकि कोरोना के चलते वहां पर किसी को भी जाने की अनुमति नहीं थी इसलिए सेलेब्स ने राम मंदिर के भूमि पूजन की बधाई सोशल मीडिया के जरिए दी। इस लिस्ट में दिग्गज गायिका लता मंगेशकर, अभिनेता अनुपम खेर सहित कई सितारों ने अपनी शुभकामनाएं दीं। 
राम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर लता मंगेशकर ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, नमस्कार। कई राजाओं का, कई पीढ़ियों का और समस्त विश्व के राम भक्तों का सदियों से अधूरा सपना आज साकार होता दिख रहा है। कई सालों के वनवास के बाद आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर का पुनर्निर्माण हो रहा है। शिलन्यास हो रहा है। इसका बहुत बड़ा श्रेय माननीय लालकृष्ण अडवाणी जी को जाता है, क्योंकि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर रथ यात्रा करके पूरे भारत में जनजागृति की थी और श्रेय माननीय बालासाहेब ठाकरे जी को भी जाता है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी शुक्रिया लता मंगेशकर ने किया। 

इस अवसर पर दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट करते हुए कहा,  बधाई। जय श्री राम। मुंबई में हमारे घर का नाम रामायण है। इसलिए हमारा परिवार सही मायनों में रामायण वासी है। अभी एक ख़ूबसूरत और जानकारीपरक फॉरवर्ड मिला। इसे शेयर करने के लिए आज का दिन उचित है। उम्मीद करता हूं कि यह सही होगा। 

मशहूर अभिनेता अरुण गोविल ने रामायण में भगवान राम का किरदार निभाया था। उन्होंने ट्वीट में लिखा, इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। श्रीराम मंदिर के शिलान्यास से पूरी दुनिया के रामभक्तों का सपना साकार हो रहा है।आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। जय श्रीराम।

एक्टर अनुपम खेर ने ट्वीट में लिखा, आपको और आपके परिवार को राम जन्मभूमि पूजन की हार्दिक शुभकामनाएं। जय श्री राम।

एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने टीवी शो रामायण में सीता का किरदार निभाया था। उन्होंने इस अवसर पर ट्वीट में लिखा, यह सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है… घर आकर 500 साल के संघर्ष के बाद स्वामी का स्वागत करना…।

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने रामभक्तों को बधाई देते हुए ट्वीट में लिखा, जयश्रीराम। 

सांसद और भोजपुरी अभिनेता रवि किशन ने ट्वीट करते हुए कहा, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण की शुभ तिथि 5 अगस्त 2020 दिन बुधवार आज आ ही गई। आज अपने गोरखपुर स्थित आवास पर श्री राम स्तुति के कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत विधि विधान से करते हुए आज ऐतिहासिक क्षण है आज, अलौकिक अवसर है।

इस शुभ अवसर पर मशहूर सिंगर कैलाश खेर ने भगवान राम का एक नया सॉन्ग लॉन्च किया है और वीडियो उसका ट्वीट करते हुए लिखा, बस थोड़ी ही देर में प्रमोचन होगा हमारे यू ट्यूब चैनल पर #रामहीपारलगावेंगे, कोटि कोटि प्रार्थनाओं का वरदान, राम अवतरण। घड़ी उत्सव की।

राम मंदिर के भूमि पूजन पर फिल्ममेकर सुभाष घई ने कहा, राम का मतलब है, सदात्मा। श्री राम का मतलब है, एक ऐसा इंसान जो किसी भी हाल में मर्यादा ना छोड़े। राम मंदिर के रूप में यह हर भारतीय के लिए एक जागरूक करने वाला कदम है। पीएम नरेंद्र मोदी को भी सुभाष घई ने इस अवसर पर बधाई दी। 

पीएम मोदी की तस्वीर के साथ निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, एक लंबी तपस्या, त्याग और संघर्ष के बाद आज यह दिन आया। इसमें आप जैसे धर्म योद्धा का योगदान अद्भुत है। हम सब आपके ऋणी हैं। जय श्री राम।

इस अवसर पर कंगना रनोट की टीम ने भी ट्वीट करते हुए लिखा, दो तस्वीरें 500 साल की यात्रा का बखान कर रही हैं। प्यार, विश्वास और आस्था की यात्रा। एक ऐसी सभ्यता की यात्रा जो राख से उठकर सबसे अधिक पूजे जाने वाले आदर्श की भव्यता तक पहुंची। जय श्री राम।

अभिनेता परेश रावल ने ट्विटर पर पीएम मोदी की अयोध्या के लिए रवाना होते वे तस्वीर साझा करते हुए लिखा, जय श्री राम।

Desk Team