नए साल की शुरुआत में कई बॉलीवुड सेलेब्स ने अपने-अपने सपने को साकार किया और अपने-अपने नए घर खरीदे। बॉलीवुड में ‘बाबा’ के नाम से मशहूर एक्टर संजय दत्त ऐसे सेलिब्रिटी है जो आलीशान जिंदगी जीना पसंद करते है। कैंसर से जंग जीतने के बाद अपनी पत्नी मान्यता को चार महंगे फ्लैट गिफ्ट किए, जिनकी कीमत 100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की है, लेकिन मान्यता ने सभी फ्लैट्स वापस कर दिए। ये जानकर लोग हैरान हैं कि आखिर मान्यता ने ऐसा क्यों किया?

संजय दत्त ने पत्नी को जहां साल 2020 में 23 दिसंबर को फ्लैट गिफ्ट किये थे तो वहीं मान्यता ने उन्हें 29 दिसंबर को वापस लौटा दिया। संजय दत्त द्वारा गिफ्ट किये गए ये अपार्टमेंट मुंबई के पालि हिल में स्थित इंपीरियल हाइट्स बिल्डिंग में थे, जहां और भी कई बॉलीवुड सितारे रहते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दो फ्लैट्स तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित थे तो वहीं बाकी दो फ्लैट बिल्डिंग की 11वीं और 12वीं मंजिल पर स्थित थे। इन चारों ही फ्लैट की मार्केट वैल्यू 100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की थी। बताया जा रहा है कि मान्यता दत्त ने टैक्स से जुड़े लेन-देन के कारण फ्लैट्स को वापस लौटा दिया है।

इससे इतर संजय दत्त के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही साउथ के सुपरस्टार यश के साथ फिल्म केजीएफ पार्ट 2 में नजर आएंगे। इस फिल्म में संजय दत्त अधीरा का रोल अदा करेंगे, जिसका लुक भी कुछ ही दिनों पहले रिलीज हुआ था। केजीएफ में संजय दत्त के साथ-साथ रवीना टंडन और प्रकाश राज भी अहम भूमिका अदा करते हुए नजर आएंगे। संजय दत्त की सेहत की बात करें तो बीते साल ही उन्होंने पोस्ट शेयर कर बताया था कि वह बीमारी से जंग जीत चुके हैं। उन्होंने पोस्ट के जरिए अपने चाहने वालों का भी धन्यवाद किया था।


Download Android App
Download iOS App



