16 महीने की बेटी और वाइफ को बचाने के लिए जान पर खेल गए Shaheer Sheikh, बिल्डिंग में लगी थी भीषण आग

Summary :

टीवी के फेमस एक्टर शहीर शेख और उनकी पत्नी रुचिका कपूर हाल ही में बेहद कठिन दौर से गुजरे। दरअसल, रुचिका की बिल्डिंग में आग लग गई थी। हुआ यूं कि वह अपनी बेटी अनाया के साथ अपने माता-पिता के साथ रह रही थीं, उसमें रात के समय में अचानक आग लग गई।

पॉपुलर टीवी एक्टर शहीर शेख और उनकी वाइफ रुचिका कपूर और 16 महीने के बेटी एक बड़े हादसे से बाल-बाल बचे। इस बात की जानकारी उन्होंने ने खुद सोशल मीडिया के जरिए सभी के साथ साझा की है। एक्टर की इस पोस्ट के सामने आते ही उनके फैंस काफी घबरा गए हैं और एक्टर के लिए परेशान हो रहे हैं।
दरअसल, हाल ही में एक्टर की वाइफ रुचिका अपनी बेटी के साथ अपने पैरेंट्स के घर पर रह रही थीं। जिस बिल्डिंग में उनका घर है, उसमें आग लग गई। इस आग में रुचिका और 16 महीने की बेटी अनाया  के साथ-साथ उनके पापा भी फंस गए।  रुचिका के पिता वीलचेयर पर हैं और चल-फिर नहीं सकते, इस वजह से तीनों बिल्डिंग में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। 
रुचिका कपूर ने पूरी घटना की आपबीती अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। साथ ही बताया कि पापा के वीलचेयर पर होने की वजह से वह बेटी अनाया के साथ 15 फ्लोर नहीं उतर सकती थीं। यह घटना 25 जनवरी की रात घटी। शेयर किए गए पोस्ट में रुचिका ने लिखा, ‘रात को 1.30 बजे कॉल आया कि हमारी बिल्डिंग में आग लग गई है। जब हमने मेन दरवाजा खोला तो काले धुएं का गुबारा सामने था। कुछ नहीं दिख रहा था। मैं बुरी तरह डरी हुई थी। मैंने शहीर को फोन करके बताया कि क्या कुछ हुआ। लेकिन इस बात का ध्यान रखा कि पैनिक न करूं। मैं उन्हें भी घबराहट में नहीं डालना चाहती थी।’
उन्होंने आगे कहा, ‘उसके बाद हमने तौलिए गीले किए और उन्हें घर के दरवाजों के नीचे लगा दिया ताकि धुआं घर के अंदर न आ सके। लेकिन धुआं तेजी से कमरों में भर रहा था। तभी एक फायर फाइटर आया और उसने हमें बताया कि हम नैपकिन गीले करके नाक पर लगा लें ताकि बेहोश न हों। उसने हमें बताया कि वो लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।’

शहीर के बारे में बोलते हुए उनकी वाइफ ने लिखा, ‘वहीं नीचे शहीर बाकी लड़कों के साथ मिलकर गाड़ियों को धक्का मारकर दूसरी जगह ले जा रहे थे ताकि फायर इंजन के लिए जगह बनाई जा सके। मुझे पड़ोसियों ने फोन करके बताया कि शहीर ने खुद ही फायर एक्सटिंग्विशर लेकर ऊपर आकर आग बुझाने की कोशिश की थी। बाद में फायर एक्सटिंग्विशर वाले आए।’
रुचिका ने आगे कहा, ‘मैं उन सभी फायर फाइटर्स की शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने हमें बचाया। मैं बहुत खुश हूं कि मैंने और अनाया ने यह वीकेंड मम्मी-पापा के साथ बिताने का मन बनाया था। क्योंकि यह सोचकर मैं कांप जाती हूं कि हम नहीं होते तो क्या होता? शहीर ने हमारे लिए जो किया, वह ऐसा लगता है जैसे किसी फिल्म का सीन हो।’

Desk Team