बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस आलिया भट्ट (Alia Bhatt) इस बार अपनी फिल्मों को लेकर नहीं, बल्कि एक ठगी के मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्ट्रेस के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई है और इस धोखाधड़ी को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि उनकी एक्स मैनेजर वेदिका शेट्टी ने दिया है। यह मामला जनवरी 2025 में सामने आया था, जब एक्ट्रेस की मां सोनी राजदान (Soni Razdan) ने मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। अब पांच महीने की लंबी जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वेदिका को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, वेदिका शेट्टी आलिया भट्ट (Alia Bhatt) की टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और उनके प्रोडक्शन हाउस इटरनल सनशाइन प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम करती थीं। इस दौरान उन्हें अकाउंट से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। आलिया की टीम ने उन पर विश्वास जताया और उन्हें फाइनेंसियल मैनेजमेंट से जुड़े काम सौंपे। लेकिन इसी भरोसे का वेदिका ने गलत फायदा उठाया और चुपचाप अकाउंट से करीब 76 लाख रुपये की रकम निकाल ली। जब टीम को वित्तीय गड़बड़ियों की भनक लगी, तो इस पूरे मामले की जांच की गई और जनवरी में इसका खुलासा हुआ। इसके तुरंत बाद आलिया की मां सोनी राजदान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कई बार बदला ठिकाना
शिकायत के बाद पुलिस ने वेदिका के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। इसके बाद वेदिका की तलाश शुरू हुई, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलती रही। पुलिस को चकमा देने के लिए उन्होंने कई शहरों में खुद को छिपाए रखा। हालांकि अब पांच महीने बाद जुहू पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए वेदिका को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस उन्हें मुंबई ला रही है और उनसे पूछताछ शुरू हो चुकी है।
भरोसे को बनाया निशाना
सूत्रों की मानें तो वेदिका प्रकाश मरोल स्थित एनजी को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी की निवासी हैं। उन्हें आलिया (Alia Bhatt) की टीम में शामिल करते समय पूरी तरह से विश्वास किया गया था और इसी कारण उन्हें कंपनी के अकाउंट्स की जिम्मेदारी दी गई। लेकिन उन्होंने उस भरोसे को ठेस पहुंचाते हुए लाखों की धोखाधड़ी की।
वेदिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी
अब जब वेदिका पुलिस की गिरफ्त में हैं, तो यह उम्मीद की जा रही है कि इस मामले से जुड़े और भी खुलासे जल्द ही सामने आ सकते हैं। साथ ही, इस घटना ने एक बार फिर इस बात पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि कैसे भरोसेमंद दिखने वाले लोग भी विश्वासघात कर सकते हैं। फिलहाल जुहू पुलिस इस केस की गहराई से जांच कर रही है और वेदिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें: 16 साल का साथ खत्म! Sanjeev Seth ने बताया Lataa से अलग होने का दर्द


Download Android App
Download iOS App





