ऑस्कर के दौरान उड़ा विल स्मिथ की पत्नी के गंजेपन का मजाक, जानिए किस बीमारी से जूझ रही है जेडा पिंकेट

Summary :

ऑस्कर 2022 के दौरान स्टेज पर हुई विल स्मिथ और क्रिस रॉक के बीच की लड़ाई आज हर किसी के लिए गॉसिप का टॉपिक बनी हुई है। दरअसल, क्रिस ने विल स्मिथ की पत्नी के गंजेपन का मजाक उड़ाया जिससे नाराज विल ने उन्हें मुक्का जड़ दिया। विल स्मिथ की पत्नी को एलोपेसिया एरीटा नाम की एक बीमारी है।

एक्टर विल स्मिथ अपने मुक्के के लिए आज दुनियाभर में चर्चा में आ गए है। ऑस्कर 2022 के दौरान स्टेज पर हुई विल स्मिथ और क्रिस रॉक के बीच की लड़ाई आज हर किसी के लिए गॉसिप का टॉपिक बनी हुई है। विल स्मिथ ने भरी महफिल में क्रिस रॉक को मुक्का मार दिया, यह खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई। दरअसल, क्रिस रॉक ने विल स्मिथ की पत्नी जेडा पिंकेट स्मिथ के गंजेपन का मजाक उड़ाया जिससे नाराज विल ने उन्हें मुक्का जड़ दिया। 
बता दे, क्रिस ने जेडा पिंकेट स्मिथ के जिस गंजेपन का मजाक उड़ाया था, ये लुक जेडा ने किसी फिल्म के लिए नहीं अपनाया है बल्कि वो ऑटोइम्यून डिस्ऑर्डर की शिकार हैं जिसके कारण लोगों को गंजेपन की समस्या हो जाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विल स्मिथ की पत्नी को एलोपेसिया एरीटा नाम की एक बीमारी है। अमेरिका में लगभग 6.8 मिलियन लोग इस समस्या के शिकार हैं। 
एलोपेसिया एरीटा एक ऐसी कंडीशन है जिसमें छोटे-छोटे पैच में बाल झड़ने लगते हैं। इस बीमारी के कारण बाल तेजी से टूटने लगते है और खोपड़ी पर पैच पड़ना शुरू हो जाता है। खोपड़ी के अलावा कुछ लोगों को भौह, पलकों और चेहरे पर भी इस तरह की समस्या होने लगती है। इस स्थिति में बने पैच से दोबारा बालों का आना भी मुश्किल हो जाता है।
एलोपेसिया एरीटा की समस्या क्यों होती है, इस बारे में रिसर्चर्स को क्लैरिटी नहीं है। एलोपेसिया एरीटा की समस्या अक्सर उन लोगों में होती है जिनको पहले से ही कोई और ऑटोइम्यून समस्या है या फिर उनके परिवार में किसी को यह दिक्कत रह चुकी हो। टाइप-1 डायबिटीज की समस्या वाले लोगों में भी इसका जोखिम हो सकता है। इस बीमारी के दौरान बालों के झड़ने की शुरुआत अचानक या फिर धीरे-धीरे विकसित हो सकती है। पैच वाले हिस्सों में खुजली या जलन की भी समस्या हो सकती है। लगभग आधे से ज़्यादा रोगी इलाज के एक साल के अंदर ठीक हो जाते हैं पर यह समस्या दोबारा हो सकती है।
इस बीमारी का अभी तक कोई विशिष्ट इलाज नहीं है। ट्रीटमेंट में डॉक्टर कुछ ऐसी दवाइयां दे सकते हैं जो बालों को ज़्यादा तेज़ी से बढ़ने में मदद करती हों। इसके लिए अधिकतर कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। Alopecia Areata किसी भी उम्र या जेंडर के इंसान को हो सकता है। बताया जाता है कि 30 से कम उम्र के लोगों को यह ज्यादा होता है।

Desk Team