जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को सोमवार को एक बड़ी कामयाबी मिली। जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले से लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ सुरक्षा बलों के सहयोग से पुलिस ने बडगाम में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े दो सक्रिय आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है।
आपत्तिजनक सामग्री बरामद
जानकारी के अनुसार, उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और एक पिस्तौल सहित गोला-बारूद बरामद किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को बडगाम के सुनेरगुंड इलाके से गिरफ्तार किया गया और उनकी पहचान दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के निवासी वसीम अहमद गनई और इकबाल अशरफ शेख के रूप में हुई।
प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों के पास से आपत्तिजनक सामग्री, एक चीनी पिस्तौल, दो पिस्तौल की मैगजीन, 12 राउंड पिस्तौल की गोलियां और 32 राउंड एके-47 की गोलियां सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App



