अमेजन अगले हफ्ते बड़ी संख्या में कर्मचारियों की कर सकता है छंटनी : रिपोर्ट

Summary :

अमेरिकी ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन अगले हफ्ते 30,000 कर्मचारियों की छंटनी के दूसरे दौर को शुरू कर सकती है। इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग बढ़ना है। यह जानकारी रिपोर्ट्स में दी गई। नए दौर की छंटनी में सबसे ज्यादा अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस), एचआर, अमेजन प्राइम वीडियो और रिटेल सेगमेंट में काम करने वाले कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। इससे पहले अक्टूबर में अमेजन ने 14,000 व्हाइट कॉलर कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है, जो कि उसके 30,000 कर्मचारियों की छंटनी की योजना का हिस्सा था। रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दूसरे दौर की छंटनी…

अमेरिकी ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन अगले हफ्ते 30,000 कर्मचारियों की छंटनी के दूसरे दौर को शुरू कर सकती है। इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग बढ़ना है। यह जानकारी रिपोर्ट्स में दी गई।

नए दौर की छंटनी में सबसे ज्यादा अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस), एचआर, अमेजन प्राइम वीडियो और रिटेल सेगमेंट में काम करने वाले कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। इससे पहले अक्टूबर में अमेजन ने 14,000 व्हाइट कॉलर कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है, जो कि उसके 30,000 कर्मचारियों की छंटनी की योजना का हिस्सा था।

रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दूसरे दौर की छंटनी में भी कुछ इतनी ही संख्या में कर्मचारियों को निकाला जा सकता है। कंपनी ने अभी तक इस रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की है। ई-कॉमर्स क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी ने एक आंतरिक पत्र में अक्टूबर में हुई छंटनी को एआई सॉफ्टवेयर के बढ़ते उपयोग से जोड़ा था। पत्र के अनुसार, “एआई की यह पीढ़ी इंटरनेट के बाद सबसे क्रांतिकारी तकनीक है, और यह कंपनियों को पहले से कहीं अधिक तेजी से इनोवेशन करने में सक्षम बना रही है।”

हालांकि, बाद में, अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने कंपनी की तीसरी तिमाही की आय घोषणा के दौरान विश्लेषकों को बताया कि यह कटौती “वास्तव में वित्तीय कारणों से” या “एआई-प्रेरित” नहीं थी।

उन्होंने कहा, “यह कल्चर का मामला है,” जिसका अर्थ था कि कंपनी में बहुत अधिक नौकरशाही थी।

उन्होंने कहा, “आपके पास पहले की तुलना में कहीं अधिक लोग हो जाते हैं, और आपके पास कई और लेयर्स बन जाती हैं।”

हालांकि, 30,000 कर्मचारियों की छंटनी अमेजन के तीन दशक के इतिहास में सबसे बड़ी छंटनी होगी, इससे पहले 2022 में 27,000 कर्मचारियों की छंटनी हुई थी, लेकिन यह अमेजन के 15 लाख कर्मचारियों का एक छोटा सा हिस्सा ही होगा।

रिपोर्टों के अनुसार, प्रभावित कर्मचारी 90 दिनों तक कंपनी के वेतनमान में बने रह सकते हैं, इस दौरान वे आंतरिक रूप से नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं या अन्य रोजगार तलाश सकते हैं।

इस सप्ताह दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक में तकनीकी कंपनियों के प्रमुख व्यापार अधिकारियों ने कहा कि एआई मानव द्वारा की जाने वाली नौकरियों की जगह नहीं लेगी, हालांकि, कार्यों को स्वचालित करके काम करने के तरीके को बदल सकती है।

–आईएएनएस

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.