सैन फ्रांसिस्को : कोरोना वायरस के कारण जब लोग अपनी दैनिक जरूरतों के लिए ऑनलाइन डिलीवरी पर ही निर्भर हैं, तब अमेजॅन ने अमेरिका में अपने सभी केन्द्रों और डिलीवरी नेटवर्क की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक लाख नए कर्मचारियों को रखने की योजना बनाई है। इन कर्मचारियों को वह पूर्ण कालिक और अंशकालिक तौर पर भर्ती करेगी।
अमेजॅन ने कहा है कि वह मांग में अभूतपूर्व वृद्धि देख रही है, इसका मतलब है कि उसे अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होगी। कर्मचारियों को लेकर उसकी यह जरूरत ‘साल के इस समय के लिए अभूतपूर्व’ है।
अमेजॅन के डेव क्लॉर्क ने सोमवार को अपने एक ब्लॉग में लिखा, ‘हम हॉस्पिटेलिटी, रेस्टोरेंट और ट्रैवल क्षेत्र के ऐसे कई लोगों के बारे में जानते हैं जो इस संकट के कारण आर्थिक तौर पर प्रभावित हुए हैं। हम उन लोगों का अपनी टीम में स्वागत करते हैं, जब तक स्थितियां फिर से सामान्य नहीं हो जाती हैं और उनके पुराने नियोक्ता उन्हें फिर से रखने में सक्षम नहीं हो जाते हैं, वे हमारी टीम का हिस्सा बनकर काम करें।’
ऑनलाइन क्षेत्र की इस दिग्गज रिटेल कंपनी ने कहा कि वह अमेरिका, यूरोप और कनाडा में अपने वेयरहाउस और डिलेवरी कर्मचारियों का प्रति घंटे वेतन भी बढ़ाएगी।
अप्रैल से अमेरिका में अमेजॅन अपने कर्मचारियों को प्रति कार्य घंटे दो डॉलर ज्यादा देगी, जो कि अभी क्षेत्र के आधार पर 15 डॉलर प्रति घंटे या इससे ज्यादा है। इसी तरह ब्रिटेन में प्रति घंटे दो पाउंड और कई यूरोपियन देशों में करीब दो यूरो प्रति घंटे वेतन बढ़ाएगी।
अमेरिका में कोरोनोवायरस संक्रमित लोगों की संख्या लगभग 4,000 तक पहुंच गई है, जिसमें 65 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



