चालू वित्त वर्ष 2019- 20 के अंतिम चौथी तिमाही के दौरान फंसे कर्ज और आकस्मिक खर्चों के लिये प्रावधान बढ़ने के कारण निजी सेक्टर के एक्सिस बैंक को एकल आधार पर 1,387.78 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। गौरतलब को एक्सिस बैंक को पिछले वर्ष अंतिम तिमाही के दौरान बैंक को 1,505.06 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। एक्सिस बैंक ने नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी है।
एक्सिस बैंक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जनवरी से मार्च 2020 की चौथी तिमाही के दौरान उसकी कुल आय 20,219.57 करोड़ रुपये रही है। इससे एक साल पहले इसी अवधि में उसकी आय 18,324.31 करोड़ रुपये रही थी। बैंक का मार्च 2020 में समाप्त चौथी तिमाही के दौरान फंसे कर्ज और आकस्मिक खर्च के लिये प्रावधान बढ़कर 7,730.02 करोड़ रुपये हो गया। जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह प्रावधान 2,711.43 करोड़ रुपये पर था।
एकीकृत आधार पर यदि बात की जाये तो बैंक को चौथी तिमाही में 1,250.09 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। एकीकृत आधार पर इससे एक साल पहले इसी तिमाही में बैंक को 1,677.90 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। इस दौरान बैंक की आय एक साल पहले के 18,950.85 करोड़ रुपये से बढ़कर 20,786.23 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
बैंक की सकल गैर- निष्पादित संपत्तियां (एनपीए) इस दौरान घटकर 4.86 प्रतिशत रह गया जो कि एक साल पहले चौथी तिमाही में 5.26 प्रतिशत पर था। शुद्ध एनपीए आलोच्य अवधि में 2.06 प्रतिशत से घटकर 1.56 प्रतिशत रह गया। बैंक ने कोविड- 19 महामारी के बारे में कहा है कि इसका बैंक के कामकाज पर कितना असर होगा यह भविष्य के घटनाक्रमों पर निर्भर करेगा, जो बहुत अनश्चित है।


Download Android App
Download iOS App



