बीजिंग : चीन ने वित्तीय क्षेत्र में विदेशी निवेश पर कुछ प्रतिबंधों को शनिवार को हटा दिया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जबकि दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीम की वृद्धि धीमी हो गयी है और वह अमेरिका के साथ व्यापार युद्ध में उलझा है।
चीन की ‘फाइनेंशियल स्टैबिलिटी एंड डेवलपमेंट कमेटी’ (वित्तीय स्थिरता एवं विकास समिति) ने शनिवार को एक बयान में कहा कि चीन अपनी प्रारंभिक योजना से एक साल पहले ही वर्ष 2020 में प्रतिभूतियों, बीमा और कोष प्रबंधन का कारोबार करने वाली कंपनियों के स्वामित्व में विदेशी हिस्सेदारी पर लगी सीमा हटा देगा।
बयान में कहा गया है कि विदेशी निवेशकों को धन प्रबंधन कंपनियों, मुद्रा ब्रोकरेज और पेंशन प्रबंधन कंपनियों को स्थापित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। बीजिंग ने लंबे समय से अपनी अर्थव्यवस्था को विदेशी व्यापार भागीदारी और निवेश के लिए खोलने का वादा कर रखा , लेकिन वह उसे लागू करने के मामले में पैर घसीटने लगता है। अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ चीन के व्यापारिक विवाद में यह मुद्दा एक प्रमुख बिंदु रहा है।


Download Android App
Download iOS App



