नयी दिल्ली : फास्टफूड चेन डोमिनोज पिज्जा और डंकिन डोनट्स का देश में संचालन करने वाली कंपनी जुबिलैंट फूडवर्क्स लिमिटेड (जेएफएल) अपने पिज्जा उत्पादों को नये सिरे से पेश करने के लिए अगले 12 महीने में करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। जेएफएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक पोटा ने यहां संवाददाताओं को बताया कि इस राशि का बड़ा हिस्सा उत्पादों को उन्नत करने में तथा विपणन कार्यक्रमों पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा, हम उत्पादों को उन्नत करने में करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। हम पुरानी कीमत पर ही बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराएंगे। हमें यकीन है कि उत्पादों को इस तरह उन्नत कर हम डोमिनोज फ्रेंचाइजी को विस्तृत कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पिज्जा में सुधार किये जाने के बावजूद उपभोक्ताओं को इसकी अधिक कीमत नहीं देनी होगी। उन्होंने कहा, हम माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत प्राप्त लाभ तथा खर्च में कटौती कर इसकी भरपाई करेंगे। डोमिनोज पिज्जा स्टोर बंद किये जाने संबंधी सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, हमारा ध्यान स्टोरों के मुनाफे पर है। हालांकि, हमें अधिक स्टोरों के बंद किये जाने की आशंका नहीं है। अभी कुछ ही चुनिंदा स्टोर हैं जो मुनाफे में नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि कंपनी ने पिछले विथ वर्ष में डंकिन डोनट्स के 20 स्टोर बंद किये थे। इनमें से 13 स्टोर अंतिम तिमाही में बंद किये गये थे।


Download Android App
Download iOS App



