नई दिल्ली : छोटे तथा मंझोले शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने के लिए शुरू की गयी सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के दूसरे चरण के तहत पहली फ्लाइट पंजाब के बठिंडा और जम्मू के बीच 27 फरवरी को शुरू होगी। इस रूट का आवंटन सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया की इकाई अलायंस एयर को किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ान संख्या 9आई-611 सुबह 9.15 बजे जम्मू से रवाना होगी और 10.20 बजे बठिंडा पहुंचेगी। वापसी में उड़ान संख्या 9आई-612 सुबह 10.50 बजे बठिंडा से उड़ान भरकर दोपहर 12 बजे जम्मू पहुंचेगी। उड़ान के दूसरे चरण में मार्गों का आवंटन 24 जनवरी को किया गया था और फ्लाइट शुरू करने के लिए ऑपरेटरों को छह महीने का समय दिया गया है।
कुल 15 विमान सेवा एवं हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाताओं को 325 मार्गों का आवंटन किया गया है। इसके तहत कुल 109 हवाई अड्डों और हेलिपोर्टों को जोड़ा जायेगा, जिनमें 60 से अभी नियमित उड़ानों का संचालन नहीं होता है जबकि 13 ऐसे हवाई अड्डे और हेलिपोर्ट हैं जहां से अभी प्रति सप्ताह 14 से कम उड़ानों का संचालन होता है। सरकार ने ‘उड़ान’ की सीटों के लिए दूरी के हिसाब से अधिकतम किराया तय कर दिया है। इसमें 500 किलोमीटर के लिए अधिकतम किराया 2,500 रुपये तय किया गया है।
अधिकतम किराया तय करने से विमान सेवा कंपनियों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए आरसीएस फंड बनाया गया है जिससे कंपनियों को प्रति सीट क्षतिपूर्ति दी जाती है। जानकारी के अनुसार इस फंड के लिए मुख्य मार्गों पर प्रति फ्लाइट 5,000 रुपये का उपकर लगाया जा रहा है। जो विमान सेवा कंपनी सबसे कम क्षतिपूर्ति के साथ बोली लगाती है उसे मार्ग का आवंटन किया जाता है। साथ ही उस मार्ग पर आवंटी कंपनी का तीन साल का एकाधिकार भी हो जाता है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



