मुंबई : भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार विदेशी मुद्रा आस्तियों में गिरावट आने से देश का विदेशी मुद्रा भंडार 94.2 करोड़ डालर घटकर 393.52 अरब डॉलर रह गया। पिछले सप्ताह में, विदेशी मुद्रा भंडार 5.14 अरब डॉलर की भारी गिरावट के साथ 394.465 अरब डॉलर रह गया था। इस साल अप्रैल के बाद से देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 31 अरब डालर तक की कमी आ चुकी है।
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, समीक्षाधीन सप्ताह में, कुल भंडार का महत्वपूर्ण घटक विदेशी मुद्रा आस्तियां 92.24 करोड़ डॉलर घटकर 369.076 अरब डॉलर रह गई। अमेरिकी डॉलर में अभिव्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियां, देश के मुद्राभंडार में रखे यूरो, पौंड और येन जैसे गैर-अमेरिकी मुद्राओं की मूल्यवृद्धि या मूल्यह्रास के प्रभावों को शामिल करता है। उल्लेखनीय है कि 13 अप्रैल, 2018 को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 426.028 अरब डालर के रिकार्ड उच्च स्तर तक पहुंच गया था। तब से, विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट जारी है और अब तक इसमें 31 अरब डॉलर की कमी आई है।
आंकड़ों से पता चलता है कि समीक्षाधीन सप्ताह में देश का स्वर्ण भंडार 20.52 अरब डॉलर पर अपरिवर्तित रहा। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में विशेष निकासी अधिकार 73 लाख डॉलर घटकर 1.465 अरब डॉलर रह गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि आईएमएफ में देश की आरक्षित स्थिति में भी 1.23 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 2.495 अरब डॉलर रह गई।


Download Android App
Download iOS App



