नई दिल्ली : प्रमुख शेयर बाजार बीएसई ने कहा है कि सीपीएसई ईटीएफ की चौथी किस्त के लिये अभिदान अगले सप्ताह से शुरू होगा। यह अभिदान उसकी इंटरनेट आधारित आनलाइन बुक बिल्डिंग प्रणाली (आईबीबीएस) के जरिये होगा। एक्सचेंज ने एक परिपत्र में कहा कि सीपीएसई ईटीएफ एफएफओ-3 बीएसई के बीआईएमफ (म्यूचुअल फंड के लिये बीएसई आईबीबीएस प्लेटफार्म) मंच पर निवेश अभिदान बुधवार 28 नवंबर से शुरू होगा और शुक्रवार 30 नवंबर तक चलेगा।
म्यूचुअल फंड कंपनियों के संगठन एएमएफआई के पास पंजीकृत कारोबारी सदस्यों के लिये यह सुविधा उपलब्ध होगी। सूत्रों के अनुसार सरकार का केंद्रीय लोक उपक्रमों के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड की चौथी किस्त के जरिये 8,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है। साथ ही अधिक अभिदान मिलने पर 4,000 करोड़ रुपये या 6,000 करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त बोली स्वीकार करने का विकल्प रखा गया है।
इसमें सार्वजनिक क्षेत्र की 11 कंपनियों को शामिल किया गया है जबकि पूर्व में इनकी संख्या 10 थी। इसमें चार नई कंपनियों को रखा गया है जो एनटीपीसी लि., एसजेवीएन लि., एनएलसी इंडिया, एनबीसीसी लि. हैं।
तीन मौजूदा कंपनियों गेल, इंजीनियर्स इंडिया लि. और कंटेनर कारपोरेशन आफ इंडिया को इससे से हटाया गया है क्योंकि सरकार की इन कंपनियों में हिस्सेदारी घटकर 55 प्रतिशत से नीचे आ गयी है।


Download Android App
Download iOS App




