मुंबई : बैंकों में वित्त वर्ष 2018-19 में धोखाधड़ी के 71,543 करोड़ रुपये के मामले सामने आए हैं। एक साल के मुकाबले इसमें 73 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आरबीआई के मुख्य महाप्रबंधक जयंत दास ने कहा कि 2017-18 में बैंकों में धोखाधड़ी के 41,167 करोड़ रुपये के मामले दर्ज किए गए थे। दास ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि आरबीआई की ओर से नियंत्रित इकाइयों में 2018-19 में कुल 71,543 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 2017-18 में 41,167 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी के मामले आए थे।
सालाना आधार पर इसमें 73 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दास ने कहा कि 50 करोड़ और उससे अधिक के बड़े मूल्य वाले धोखाधड़ी के मामले कुल मामलों का महज एक प्रतिशत है लेकिन मूल्य के आधार पर इनकी हिस्सेदारी तीन-चौथाई बैठती है।


Download Android App
Download iOS App



