नई दिल्ली : चीन की सिचुआन एयरलाइन ने भारत के लिए मालवाहक विमान सेवा शुरू की है। इस सेवा की पहली उड़ान का दिल्ली के अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। डेलही इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. (डायल) ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में एयरलाइन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सिचुआन एयरलाइन (सीएससी) इस सेवा का परिचालन चीन के शान्सी प्रांत (एक्सआईवाई) और दिल्ली के बीच सप्ताह में दो बार करेगी।
विज्ञप्ति के अनुसार वापसी में यह दिल्ली से चेंगदू (सीटीयू) जाएगी। इस उड़ान में एयरबस 300-200 श्रेणी का विमान लगाया गया है। डायल के सीईओ विदेश कुमार जयपुरिया ने कहा, ‘‘डायल को इस बात की खुशी है कि चीन की इस एयरलाइन ने भारत में अपनी मालवाहक सेवा के लिए डायल को अपना केंद्र बनाया है।’’ जयपुरिया ने कहा कि दिल्ली अपने आस पास के इलाकों और पड़ोसी देशों के लिए व्यापारिक माल की ढुलाई का एक प्रमुख केंद्र है।
चीन से दिल्ली के बीच वायुमार्ग से माल परिवाहन की सिचुआन एयरलाइन की इस सेवा से इस क्षेत्र में माल परिवहन और लाजिस्टिक सेवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सिचुआन एयरलाइन चीन की एक प्रमुख विमानन सेवा कंपनी है और दुनिया में 130 स्थानों के लिए सेवाएं दे रही है। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सालाना 18 लाख टन माल की आवाजाही संभालने की क्षमता है।
इसे बढ़ा कर 23 लाख टन किया जा सकता है। डायल की विज्ञप्ति के अनुसार इस हवाई अड्डे से 2018-19 में विमानों के जरिए 10 लाख टन माल की ढुलाई की गयी।


Download Android App
Download iOS App



