नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कंपनियों खासकर सीमेंट और इस्पात क्षेत्र की इकाइयों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने प्रमुख ढांचागत सामानों के दाम बढ़ाने के लिये साठगांठ की तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सड़क, परिवहन, राजमार्ग मंत्री ने यह भी कहा कि हाल के वर्षों में बुनियादी ढांचा क्षेत्र में तेजी देखी जा रही है, ऐसे में परियोजनाओं की लागत में कटौती करने को लेकर गुणवत्ता में कोई समझौता किये बिना नई प्रौद्योगिकी के उपयोग पर जोर दिया जाना चाहिए। पोत परिवहन, जल संसाधन, नदी विकास तथा गंगा संरक्षण मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाल रहे गडकरी ने कहा कि साठगांठ के कारण निर्माण लागत बढ़ी है और मैं उनके (कंपनियों) खिलाफ आरोप लगाने से संकोच नहीं करूंगा अब सीमेंट की दरें बढ़ गयी हैं।
यहां वृहत जल संरक्षण के लिये अधिक व्यास वाले पाइप के उपयोग पर एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रायल्टी, श्रमिकों की मजदूरी में वृद्धि नहीं हुई, इसके बावजूद लागत बढ़ रही है। गडकरी ने कहा कि इस्पात क्षेत्र में भी दरें बढ़ी हैं। अब रेत की लागत सीमेंट के बराबर है। उन्होंने कहा कि सरकार को कंपनियों के मुनाफे को लेकर कोई समस्या नहीं है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



