निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 20.6 प्रतिशत बढ़कर 5,005.73 करोड़ रुपये हो गया। बैंक के मूल कारोबार में अच्छी वृद्धि से उसका शुद्ध लाभ बढ़ा है। बैंक को एक साल पहले इसी तिमाही में 4,151.03 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
बैंक ने शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा है कि समीक्षाधीन अवधि के दौरान उसकी कुल आय 21.2 प्रतिशत बढ़कर 28,215.2 करोड़ रुपये हो गई जो कि 2017-18 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 23,276.2 करोड़ रुपये रही थी।
सितंबर तिमाही में, बैंक की ब्याज से शुद्ध आय 20.6 प्रतिशत बढ़कर 11,763.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। वर्ष 2017-18 की इसी अवधि में यह 9,752.1 करोड़ रुपये रही थी। बैंक की औसत संपत्ति वृद्धि 22.9 प्रतिशत और शुद्ध ब्याज मार्जिन 4.3 प्रतिशत रहने से शुद्ध ब्याज आय बढ़ी है।
HDFC ने अपने ग्राहकों को दी ख़ुशखबरी फ्री करी नेटबैंकिंग
परिसंपत्ति के मोर्चे पर, दूसरी तिमाही में बैंक की सकल गैर निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) मामूली बढ़कर सकल कर्ज की 1.33 प्रतिशत हो गयी। एक साल पहले की इसी अवधि में सकल एनपीए 1.26 प्रतिशत था।
मूल्य के आधार पर सकल एनपीए दूसरी तिमाही में 10,097.73 करोड़ रुपये रहा, इसकी तुलना में पिछले साल इसी दौरान यह आंकड़ा 7,702.84 करोड़ रुपये था। इस दौरान, शुद्ध एनपीए 0.43 प्रतिशत से गिरकर 0.40 प्रतिशत रह गया। मूल्य के आधार पर 2,596.83 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,028.24 करोड़ रुपये हो गया।
सितंबर तिमाही के लिये बैंक का प्रावधान और आकस्मिक व्यय जुलाई-सितंबर 2017 में 1,476.20 करोड़ रुपये से 2018 की इसी अवधि में 1,820 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने अगस्त में पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) और अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट (एडीआर) के जरिये कुल 1.82 अरब डॉलर (करीब 12,440.90 करोड़ रुपये) जुटाये।
एचडीएफसी बैंक की कुल जमा इस दौरान सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर सितंबर अंत में 8.33 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई जबकि बैंक द्वारा दिया गया कर्ज 6.05 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 7.51 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
बैंक का 30 सितंबर 2018 को समाप्त अवधि में कुल पूंजी पर्याप्तता अनुपात (सीएआर) बेसल-तीन दिशानिर्देशों के अनुसार 17.1 प्रतिशत रहा जबकि नियामकीय जरूरत 11.025 प्रतिशत की थी।
देशभर में एचडीएफसी बैंक का विरतण नेटवर्क भी बढ़ रहा है। देश के कुल 2,718 शहरों और कस्बों में बैंक की कुल 4,825 बैंकिंग शाखायें, 13,018 एटीएम हैं जबकि एक साल पहले इसी अवधि में उसकी 4,729 बैंकिंग शाखायें, 12,259 एटीएम थे। सितंबर 2018 के अत में बैंक के कर्मचारियों की संख्या 94,907 थी। बैंक की शाखाओं में 53 प्रतिशत अर्धशहरी और ग्रामीण इलाकों में हैं।


Download Android App
Download iOS App



