नई दिल्ली : भारतीय कंपनियों ने इस साल की पहली तिमाही में 14 आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए अब तक 94 करोड़ डॉलर जुटाए हैं और ईवाई की एक रिपोर्ट की मानें तो आम चुनावों के बाद आईपीओ गतिविधियों में और तेजी आएगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी-मार्च, 2019 के दौरान IPO की संख्या के मामले में भारतीय शेयर बाजार दुनिया भर में चौथे स्थान पर रहे।
‘ईवाई इंडिया आईपीओ ट्रेंड्स रिपोर्ट : क्वार्टर-1 2019’ शीर्षक रपट में कहा गया है कि लोकसभा चुनावों के ठोस परिणाम की उम्मीद में शेयर बाजारों में उत्साह बना रहा। इस साल के 31 मार्च को समाप्त तिमाही में मुख्य शेयर बाजारों (बीएसई एवं एनएसई) में पांच आईपीओ लाये गए जबकि एसएमई बाजार में विभिन्न क्षेत्रों के नौ आईपीओ लाये गए।
ईवाई इंडिया के फाइनेंशियल अकाउंटिंग एडवाइजरी सर्विसेज के संदीप खेतान ने कहा, ‘निवेशक और अन्य हितधारक आम चुनावों के परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे हैं, तब तक IPO गतिविधियों के मंद रहने की संभावना है।’ करीब 70 कंपनियों को बाजार नियामक सेबी से आईपीओ लाने की मंजूरी मिल चुकी है लेकिन वे चुनाव परिणामों का इंतजार कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



