इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) सोमवार से शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत करेगी। कंपनी ने हाल ही में अपना आईपीओ पेश किया था। कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध किया जाएगा। बीएसई ने एक परिपत्र में कहा, “आईआरसीटीसी लिमिटेड का इक्विटी शेयर सोमवार यानी 14 अक्टूबर से सूचीबद्ध होगा और प्रतिभूतियों के बी समूह में खरीद-बिक्री के लिये उपलब्ध होगा।”
आईआरसीटीसी का आईपीओ 30 सितंबर से चार अक्टूबर के बीच खुला था। इसे निवेशकों ने हाथों-हाथ लिया था। इसे 112 गुना तक अभिदान मिला था। आईआरसीटीसी के बिक्री के लिये रखे गये 2 करोड़ शेयर के एवज में 25 करोड़ करोड़ शेयर के लिये बोलियां प्राप्त हुई थीं।
पात्र संस्थागत खरीदारों की श्रेणी में 108.79 गुना, गैर-संस्थागत निवेशकों के मामले में 354.52 गुना और खुदरा निवेशकों के मामले में 14.65 गुना अभिदान मिला। कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के लिये कीमत दायरा 315 से 320 रुपये तय किया गया था। येस सिक्युरिटीज (इंडिया), एसबीआई कैपिटल मार्केट्स और आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्युरिटीज इस आईपीओ का प्रबंधन देख रही थी।


Download Android App
Download iOS App



