नई दिल्ली : घरेलू वाहन कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा चालू तिमाही में अपने विभिन्न संयंत्रों में 8-14 दिन के लिए उत्पादन बंद करेगी। उत्पादन और मांग के बीच संतुलन बैठाने के लिए कंपनी यह कदम उठा रही है। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि कंपनी अपने वाहन क्षेत्र और पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी महिंद्रा वेहिकल्स मैन्युफैक्चरर्स लि. के विभिन्न संयंत्रों में उत्पादन बंद करेगी।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में विभिन्न संयंत्रों में 8 से 14 दिन के लिए उत्पादन बंद किया जाएगा। कंपनी ने उत्पादन स्थगित करने की घोषणा ऐसे समय की है जबकि उद्योग बिक्री में गिरावट के सबसे लंबे दौर से गुजर रहा है। अप्रैल-जुलाई के दौरान महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू वाहन बिक्री आठ प्रतिशत घटकर 1,61,604 इकाई रह गई।
जो एक साल पहले समान अवधि में 1,75,329 इकाई थी। इस अवधि में निर्यात सहित कंपनी की कुल बिक्री भी आठ प्रतिशत घटकर 1,71,831 इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 1,87,299 इकाई थी।


Download Android App
Download iOS App



