मुंबई : अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज इन्वेस्टर सर्विसेज ने नीरव मोदी घोटाले की वजह से पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की पूंजी पर नकारात्मक प्रभाव का हवाला देते हुए बैंक की साख (रेटिंग) घटा दी है। मूडीज ने इसके अलावा बैंक के आंतरिक नियंत्रण को भी कमजोर बताया है। हालांकि, एजेंसी ने बैंक के रेटिंग परिदृश्य को स्थिर रखा है जो यह दर्शाता है कि बैंक में हुई धोखाधड़ी के नकारात्मक प्रभाव को बहुत हद तक समाहित कर लिया गया है। एजेंसी ने पीएनबी की रेटिंग को बीएए3..पी-3 से घटाकर बीए1..एनपपी कर दिया है।
इसके साथ ही बैंक के आधारभूत रिण आकलन (बीसीए) को भी कम कर इसे बीए3 से घटाकर बी1 कर दिया है। इस साल फरवरी में पंजाब नेशनल बैंक ने घोषणा की थी कि उसने 11,390 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी वाले और अनधिकृत लेनदेन पकड़े हैं। बाद में इस घोटाले की राशि बढ़कर 14,400 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
बैंक में धोखाधड़ी सामने आने के बाद मूडीज ने 20 फरवरी, 2018 को बैंक की साख की समीक्षा शुरू की थी। रेटिंग एजेंसी को उम्मीद है कि बैंक को सरकार से कुछ पूंजी समर्थन मिलेगा। इसके अलावा बैंक अपनी गैर प्रमुख संपत्तियों की बिक्री से भी कुछ पूंजी जुटा पाएगा। इसमें रीयल एस्टेट संपत्तियों के अलावा सूचीबद्ध आवास वित्त अनुषंगी पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस में आंशिक हिस्सेदारी बिक्री शामिल है।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



