N Chandrasekaran Resigned : देश के सबसे प्रभावशाली कॉरपोरेट घरानों में शुमार टाटा ग्रुप से एक बड़ी खबर सामने आई है। ग्रुप की होल्डिंग कंपनी Tata Sons के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने अपने पद से इस्तीफा देने का मन बना लिया है। उन्होंने साफ किया है कि 20 फरवरी 2027 को अपना मौजूदा कार्यकाल खत्म होने के बाद वह इस पद पर दोबारा नहीं रहेंगे।
इस बीच शेयर मार्किट पर भी इस खबर का असर पड़ा है। बता दें, चंद्रशेखरन ने बोर्ड से अपील की है कि उनके विकल्प के तौर पर जल्द से जल्द नया लीडर चुन लिया जाए।
कौन हैं एन चंद्रशेखर?
तमिलनाडु से ताल्लुक रखने वाले 63 साल के’ एन चंद्रशेखरन ने अपने करियर की शुरुआत 1987 में TCS में एक मामूली ट्रेनी प्रोग्रामर के तौर पर की थी। अपनी काबिलियत के दम पर वे कंपनी के सीईओ बने और जनवरी 2017 में टाटा संस की कमान संभाली।
दिलचस्प यह कि 150 साल के लम्बे इतिहास में वे टाटा के पहले ऐसे गैर पारसी चेयरमेन चुने गए थे। उन्होंने ऐसे समय में जिम्मेदारी संभाली थी जब साइरस मिस्त्री को हटाए जाने के बाद कंपनी अदालती मुकदमों और अंदरूनी संकट से जूझ रही थी।
अपने कार्यकाल में बदला कंपनियों का नक्शा
चंद्रशेखरन की अगुवाई में टाटा ग्रुप ने वित्तीय स्तर पर रिकॉर्ड छलांग लगाई:
कमाई में उछाल : वित्त वर्ष 2019-20 में जहां ग्रुप का कुल रेवेन्यू 7.89 लाख करोड़ रुपये था, वहीं 2025-26 में यह दोगुने से अधिक होकर 16.24 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
मुनाफा पांच गुना : इसी अवधि के दौरान टैक्स चुकाने के बाद कंपनी का शुद्ध मुनाफा 32,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.71 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया।
मार्केट कैप : टाटा की लिस्टेड कंपनियों का कुल वैल्यूएशन 9.31 लाख करोड़ रुपये से उछलकर 24.39 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो कि 2024-25 में 27.85 लाख करोड़ रुपये के शिखर तक भी पहुंचा था।
बड़े टेक सौदे शामिल
उनके कार्यकाल की सबसे चर्चित उपलब्धि अक्टूबर 2021 में एयर इंडिया की सफल बोली रही, जिसके जरिए दशकों बाद यह एयरलाइन वापस टाटा के पाले में आई। इसके अलावा मई 2018 में भूषण स्टील का 35,200 करोड़ रुपये में अधिग्रहण और मई 2021 में बिगबास्केट को 9,500 करोड़ रुपये में खरीदना बड़े फैसलों में शामिल रहा।
सूत्रों के मुताबिक, दोबारा 5 साल का कार्यकाल देने की सिफारिश के बावजूद फरवरी में बोर्ड स्तर पर एक सदस्य के एतराज के बाद बात आगे नहीं बढ़ सकी, जिसके बाद चंद्रशेखरन ने खुद पद छोड़ने की इच्छा जाहिर कर दी।
यह भी पढ़ें – Stock Market Today 12 August 2026: भारतीय शेयर बाजार में कोहराम, Sensex 550 से ज्यादा अंक टूटा, निफ्टी में गिरावट


Download Android App
Download iOS App




