नई दिल्ली : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) नीति में निर्यात के अनुकूल बदलाव करने की जरुरत पर बल दिया है जिसके भारतीय निर्यातक वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सके और पांच हजार अरब डालर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल हो सके। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि श्री गोयल ने यहां सेज नीति की समीक्षा करते हुए कहा कि बाबा कल्याणी समिति की सिफारियों के क्रियान्वयन का गहन आकलन किया जाना चाहिए।
कल देर शाम हुई इस समीक्षा बैठक में बाबा कल्याणी समिति, राजस्व, विधि विभाग तथा विधि सेवा कंपनियों के सदस्य शामिल थे। श्री गोयल ने कहा कि सेज नीति में इस तरह से बदलाव किये जाने चाहिए जिससे भारतीय निर्यातक वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सके और देश में ‘मेक इन इंडिया’ को प्रोत्साहन मिल सके।
इसके अलावा बदलावों में रोजगार अवसरों के सृजन तथा पांच हजार अरब डालर की भारतीय अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को भी ध्यान में रखना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने भारतीय निर्यात की चुनौतियों के संदर्भ में सेज नीति में बदलाव का आकलन किया।
इसके अलावा समिति की सिफारिशों को लागू करने तथा मौजूदा वैश्विक चुनौतियों पर भी चर्चा की गयी। बाबा कल्याणी समिति का गठन सेज नीति की समीक्षा करने तथा उचित सिफारिश करने के लिए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने किया था।


Download Android App
Download iOS App



