Oracle Layoffs 2026: टेक दुनिया की दिग्गज कंपनी ओरेकल में इन दिनों भारी हलचल देखने को मिल रही है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अपने महंगे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटा सेंटर विस्तार प्रोजेक्ट के कारण पैदा हुए नकदी संकट से निपटने के लिए बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रही है। बताया जा रहा है कि यह प्रक्रिया इसी महीने से शुरू हो सकती है और इसे कंपनी के इतिहास का सबसे बड़ा पुनर्गठन माना जा रहा है।
Oracle Layoffs 2026: AI डेटा सेंटर योजना से बढ़ा खर्च

ओरेकल ने पहले एक आधिकारिक फाइलिंग में बताया था कि इस वित्त वर्ष में कंपनी की इस योजना पर करीब 1.6 अरब डॉलर तक खर्च हो सकता है। इस रकम में कर्मचारियों को दिए जाने वाले सेवरेंस पैकेज यानी विच्छेद भत्ते भी शामिल हैं। यह खर्च कंपनी के किसी भी पिछले छंटनी अभियान से ज्यादा है। रिपोर्ट के अनुसार, यह छंटनी कंपनी की कई अलग-अलग बिजनेस यूनिट्स में हो सकती है। खासतौर पर उन पदों को खत्म करने पर जोर दिया जाएगा, जिनका काम भविष्य में एआई तकनीक के जरिए आसानी से किया जा सकता है।
Oracle Job Cut: क्लाउड डिवीजन में भर्ती पर रोक

ओरेकल ने हाल ही में अपने क्लाउड डिवीजन में नई भर्तियों की समीक्षा की घोषणा की है। इसके तहत फिलहाल नई नियुक्तियों को या तो रोक दिया गया है या बहुत धीमा कर दिया गया है। मई 2025 तक कंपनी में दुनिया भर में लगभग 1.62 लाख कर्मचारी काम कर रहे थे। हालांकि, कंपनी ने इस संभावित छंटनी पर अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
Larry Ellison OpenAI partnership: लैरी एलिसन का एआई क्लाउड बनाने का सपना

ओरेकल के चेयरमैन लैरी एलिसन कंपनी को एक पारंपरिक डेटाबेस सॉफ्टवेयर कंपनी से आगे बढ़ाकर एआई क्लाउड के क्षेत्र में बड़ी ताकत बनाना चाहते हैं। उनका लक्ष्य अमेज़न और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर देना है। इस योजना का सबसे बड़ा हिस्सा ओपनएआई के साथ करीब 300 अरब डॉलर की साझेदारी है। अनुमान है कि इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग 156 अरब डॉलर का पूंजीगत निवेश और करीब 30 लाख ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) की जरूरत पड़ेगी।
Oracle Layoffs 2026: तेजी से बढ़ता कर्ज
इस बड़े एआई प्रोजेक्ट के कारण ओरेकल पर कर्ज का बोझ भी तेजी से बढ़ गया है। कंपनी ने केवल दो महीनों के भीतर 58 अरब डॉलर का नया कर्ज लिया है। इसमें से लगभग 38 अरब डॉलर टेक्सास और विस्कॉन्सिन में डेटा सेंटर बनाने के लिए और करीब 20 अरब डॉलर न्यू मैक्सिको में नया परिसर बनाने के लिए खर्च किए जाएंगे। इन नए कर्जों के बाद कंपनी का कुल कर्ज 100 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया है। विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले कुछ वर्षों तक कंपनी का फ्री कैश फ्लो नकारात्मक रह सकता है और इस भारी निवेश का फायदा शायद 2030 के आसपास दिखाई दे।
Oracle Layoffs 2026: शेयर बाजार पर भी असर
कंपनी की वित्तीय स्थिति का असर उसके शेयरों पर भी देखने को मिल रहा है। 2024 में ओरेकल के शेयरों में लगभग 61 प्रतिशत और 2025 में करीब 20 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई थी। लेकिन सितंबर 2025 के बाद से कंपनी के शेयरों में लगभग 54 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। इस गिरावट से कंपनी के बाजार मूल्य में करीब 463 अरब डॉलर की कमी आई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद भी शेयरों में और गिरावट दर्ज की गई।
Oracle Layoffs 2026: टेक इंडस्ट्री में बढ़ती छंटनी
ओरेकल ही नहीं, बल्कि एआई पर बढ़ते खर्च के कारण पूरी टेक इंडस्ट्री में छंटनी का दौर चल रहा है। कई बड़ी कंपनियां अपने खर्च कम करने के लिए कर्मचारियों की संख्या घटा रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ओरेकल में 20,000 से 30,000 कर्मचारियों तक की छंटनी हो सकती है, जिससे कंपनी को 8 से 10 अरब डॉलर तक की बचत होने की उम्मीद है।
इसके अलावा कंपनी नए ग्राहकों से कॉन्ट्रैक्ट की रकम का 40 प्रतिशत तक एडवांस भी मांग रही है और अपनी हेल्थकेयर सॉफ्टवेयर यूनिट सरनेर को बेचने पर भी विचार कर रही है। इन कदमों से साफ संकेत मिलता है कि ओरेकल अब पूरी तरह से एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और क्लाउड टेक्नोलॉजी पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है।
यह भी पढ़ें: भारतीय शेयर बाजार में फिर मचा कोहराम, 500 अंक टूटा सेंसेक्स, निवेशकों के डूबे करोड़ों रुपए























