डीजल के दाम में दो दिनों की स्थिरता के बाद फिर कटौती की गई है जबकि पेट्रोल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। डीजल शुक्रवार को दिल्ली और कोलकाता में 10 पैसे जबकि मुंबई और चेन्नई में 11 पैसे लीटर सस्ता हो गया, जबकि तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल के भाव लगातार दूसरे दिन स्थिर रखे।
बाजार के जानकार बताते हैं कि डीजल के दाम घटने से परिवहन किराया या मालभाड़ा खर्च घटता है, जिससे वस्तुओं और सेवाओं के मूल्यों में कमी आती है। इस प्रकार डीजल के दाम घटने से महंगाई कम होती है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम पूर्ववत क्रमश: 73.27 रुपये, 75.92 रुपये, 78.88 रुपये और 76.09 रुपये प्रति लीटर रहे जबकि चारों महानगरों में डीजल के दाम घटकर क्रमश: 66.31 रुपये, 68.67 रुपये, 69.50 रुपये और 70.04 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।
उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव में लगातार दो दिनों की तेजी के बाद फिर नरमी देखी जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर ब्रेंट क्रूड के दिसंबर अनुबंध में शुक्रवार को 0.55 फीसदी की कमजोरी के साथ 59.58 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। वहीं, न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज (नायमैक्स) पर अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई के नवंबर डिलीवरी अनुबंध में 0.24 फीसदी की नरमी के साथ 54.11 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।


Download Android App
Download iOS App



