Pralhad Joshi Net Worth: करोड़ों की जमीन, सोना और निवेश… जानें नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की कुल नेटवर्थ

Summary :

नीट पेपर लीक विवाद और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी को नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है, जिसके बाद उनकी संपत्ति चर्चा का विषय बन गई है। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के अनुसार, प्रह्लाद जोशी और उनके परिवार के पास कुल 21 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।

नीट पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री ध्रमेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब उनकी जगह प्रह्लाद जोशी को नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है। शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलते ही कर्नाटक से भाजपा के सांसद प्रह्लाद जोशी काफी चर्चा में आ गए हैं। लेकिन क्या आप जानते है, नए शिक्षा मंत्री की नेटवर्थ कितनी है? आइए जानते हैं…

21 करोड़ रुपये से भी ज्यादा संपत्ति

नए शिक्षा मंत्री नेता प्रह्लाद जोशी ने चुनाव आयोग को दी जानकारी में बताया है कि उनके और उनके परिवार के पास कुल मिलाकर 21,09,60,953 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की संपत्ति है। इसमें लगभग 9 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जैसे बैंक जमा, शेयर, सोना और बीमा पॉलिसी। इसमें से करीब 2.72 करोड़ रुपये प्रह्लाद जोशी के नाम, 5.93 करोड़ रुपये उनकी पत्नी के नाम और 32 लाख रुपये उनकी बेटी के नाम पर हैं। इसके अलावा, परिवार के पास लगभग 12 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति यानी ज़मीन और मकान हैं। साथ ही, उनके ऊपर करीब 8.1 करोड़ रुपये की देनदारी (कर्ज़) भी है।

कितना सोना-चांदी है?

प्रह्लाद जोशी के पूरे परिवार के पास कुल 934 ग्राम सोना और 7 किलो चांदी है, जिसकी कीमत लगभग 66.75 लाख रुपये है। इसमें से प्रह्लाद जोशी के पास 180 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी, पत्नी के पास 500 ग्राम सोना और 2 किलो चांदी है, इसके अलावा बेटी के पास 250 ग्राम सोना है। चौंकाने वाली बात यह है कि करोड़ों की संपत्ति होने के बावजूद भी प्रह्लाद जोशी या उनकी पत्नी के नाम पर कोई गाड़ी नहीं है।

करोड़ों रुपयों का निवेश

2024 के लोकसभा चुनाव में दिए गए हलफनामे के मुताबिक, प्रह्लाद जोशी और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 92 लाख रुपये से ज्यादा पैसे जमा थे। उन्होंने शेयर और एसबीआई म्यूचुअल फंड में करीब 1.62 करोड़ रुपये का भारी निवेश किया था। उनके पोर्टफोलियो में Inno Nu Chem, Miraculam Motors और Able Design Engineering Services जैसी कंपनियों के शेयर हैं। इसके साथ ही, उन्होंने SBI Large & Midcap Fund, SBI Blue Chip Fund और Midcap Fund जैसी कई म्यूचुअल फंड योजनाओं में लाखों रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा उनके नाम से पीपीएफ, ईपीएफ और एलआईसी पॉलिसी भी हैं।

कितनी जमीन है?

प्रह्लाद जोशी और उनके परिवार के पास कुल 12 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति (ज़मीन-जायदाद) है। इसमें कर्नाटक के हुबली और बेंगलुरु में आलीशान घर और अपार्टमेंट हैं। इसके अलावा, उनके पास धारवाड़ में 86 लाख रुपये से अधिक की खेती की ज़मीन और कर्नाटक में अन्य गैर-कृषि ज़मीन भी है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।