नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने गत 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में कुल 261.90 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में उसे 5,367.14 करोड़ रुपये का भारी भरकम घाटा हुआ था। बैंक द्वारा आज यहां जारी एकल वित्तीय परिणाम के मुताबिक आलोच्य तिमाही में उस पर सकल और शुद्ध गैर निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) का बोझ घटा है जिससे वह मुनाफे में आया है।
ओलाच्य तिमाही में पीएनपी का सकल एनपीए 12.90 प्रतिशत से घटकर 12.53 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए 8.61 फीसदी से घटकर 7.81 प्रतिशत हो गया। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक ने अपने कुल खर्च में भी भारी भरकम कटौती की जो 10,048.34 करोड़ रुपये से घटकर 8,757.54 करोड़ रुपये पर आ गया।
इस दौरान बैंक की कुल आमदनी भी 12,669.21 करोड़ रुपये से बढ़कर 14,989.33 करोड़ रुपये हो गयी। 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में बैंक की कुल आय भी वित्त वर्ष 2015-16 के आंकड़े 53,424.40 करोड़ रुपये से बढ़कर 56,227.36 करोड़ रुपये हो गयी। इसी तरह 2015-16 में 3,974.39 करोड़ रुपये का घाटा झेलने वाले पीएनबी ने गत वित्त वर्ष 1,324.80 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया।
– वार्ता


Download Android App
Download iOS App



