मुंबई : दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर पड़ने और घरेलू स्तर पर शेयर बाजार की तेजी के दम पर अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में आज रुपया गत दिवस के रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरने में कामयाब रहा। भारतीय मुद्रा 22 पैसे की मजबूती के साथ 68.83 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई। गुरुवार को यह 43 पैसे टूटकर 69.05 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुई थी।
कारोबार के आरंभ में रुपया पांच पैसे की तेजी में 69 रुपये प्रति डॉलर पर खुला, लेकिन शुरुआत में दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत रहने से रुपया 69.12 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया। एक तरफ डॉलर कमजोर हुआ और दूसरी तरफ शेयर बाजार के तेजी में रहने से बाद में रुपये में मजबूती लौटी और लगातार चढ़ते हुये यह 68.82 रुपये प्रति डॉलर के दिवस के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। आखिरकार यह गत दिवस के मुकाबले 22 पैसे ऊपर 68.83 अंक पर बंद हुआ।


Download Android App
Download iOS App



