बिज़नेस डेस्क : देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने पूंजी जुटाने की एक बड़ी योजना की शुरुआत कर दी है। बुधवार को बैंक ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के ज़रिए इक्विटी शेयर बिक्री की प्रक्रिया शुरू की, जिससे 25,000 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद है। इसके अलावा, बैंक ने 20,000 करोड़ रुपये के बॉन्ड के ज़रिए भी पूंजी जुटाने को मंजूरी दे दी है। इस तरह कुल मिलाकर एसबीआई 45,000 करोड़ रुपये तक की फंडिंग की योजना पर काम कर रहा है।
811.05 रुपये प्रति शेयर पर QIP को मंजूरी
एसबीआई बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि क्यूआईपी के तहत शेयरों की बिक्री का न्यूनतम मूल्य 811.05 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह भाव एनएसई पर बंद हुए अंतिम मूल्य 830.5 रुपये से 2.3% कम है। बैंक ने साफ किया है कि क्यूआईपी में 5% से अधिक की छूट नहीं दी जा सकती और इश्यू प्राइस बुक रनिंग लीड मैनेजर्स के परामर्श से तय किया जाएगा। बैंक ने मई 2025 में ही FY26 के दौरान 25,000 करोड़ रुपये तक की राशि जुटाने की मंजूरी दी थी, जिसे QIP, FPO या अन्य अनुमत माध्यमों से किया जाना था।
20,000 करोड़ रुपये के बॉन्ड को भी मंजूरी
इसी दिन एसबीआई के बोर्ड ने 20,000 करोड़ रुपये तक के बॉन्ड जारी करने का भी निर्णय लिया। ये बॉन्ड Basel III मानकों के अनुरूप होंगे और AT-1 व टियर 2 कैटेगरी में जारी किए जाएंगे। यह राशि घरेलू निवेशकों से जुटाई जाएगी और इसके लिए भारत सरकार की अनुमति भी आवश्यक होगी।
बाजार में एसबीआई के शेयरों में उछाल
एसबीआई की इस घोषणा के बाद शेयर बाजार में बैंक के स्टॉक्स में तेजी देखी गई। बीएसई के अनुसार, एसबीआई का शेयर 1.81% की बढ़त के साथ 831.55 रुपये पर बंद हुआ, जबकि इंट्रा-डे में यह 834 रुपये तक पहुंच गया। बुधवार सुबह शेयर 816.50 रुपये पर फ्लैट स्तर से ओपन हुआ था। वर्तमान में एसबीआई देश की शीर्ष 10 वैल्यूड कंपनियों में शामिल है और बैंक का मार्केट कैप 7.42 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।


Download Android App
Download iOS App



