नई दिल्ली : देश के सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने आवास ऋण पर ब्याज दर 0.05 प्रतिशत घटाकर 8.30 प्रतिशत कर दी है। इस कटौती के बाद बैंक के आवास ऋण पर ब्याज दर बैंकिंग उद्योग में सबसे कम हो गई है। एसबीआई ने इसके साथ ही कार ऋण पर भी ब्याज दर को 0.05 प्रतिशत घटाकर 8.70 प्रतिशत कर दिया है।
ये नई दरें एक नवंबर से प्रभावी होगी। एसबीआई ने अपने बयान में कहा, इस कटौती के साथ एसबीआई अब बाजार में सबसे कम ब्याज दर पर आवास ऋण की पेशकश कर रहा है। नई दरें एक नवंबर से प्रभावी होंगी। एसबीआई ने कोष की सीमांत लागत पर आधारित ऋण ब्याज दर (एमसीएलआर) में कटौती करने के बाद ब्याज दरों में यह कमी की है। एमसीएलआर दर में 10 महीने बाद एसबीआई ने यह कटौती की है। इससे पहले एक जनवरी को इसमें कटौती की गई थी।
दरों में कटौती पर एसबीआई के खुदरा बैंकिंग प्रबंध निदेशक पी के गुप्ता ने कहा, दरों में कमी के साथ, हम खुदरा ऋणों में हमारे अधिकांश उत्पाद के लिए सबसे कम दर की पेशकश कर रहे हैं। व्यापक वितरण तंत्र के साथ कम दरों और बेहतर ग्राहक अनुभव के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग किसी भी खुदरा ऋण ग्राहक के लिए एक आदर्श पैकेज है। सभी पात्र वेतनभोगी तबके के लिये 30 लाख रुपये तक के आवास रिण पर 8.30 प्रतिशत सालाना दर से ब्याज की प्रभावी दर होगी।
वक्तव्य में कहा गया है, आवास रिण पर 8.30 प्रतिशत की ब्याज दर के रूपर, पात्र आवास रिण ग्राहक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.67 लाख रुपये की ब्याज सब्सिडी भी प्राप्त कर सकते हैं। बैंक ने अन्य सभी ऋण खंड में भी दरों में 0.05 प्रतिशत की कमी की है। कार ऋण लेने वाले ग्राहकों के लिए ब्याज दर का दायरा 8.70 से 9.20 प्रतिशत के बीच होगा, जो पहले 8.75-9.25 प्रतिशत था। सही दर कर्ज की राशि और कर्ज लेने वाले के क्रेडिट स्कोर पर निर्भर करेगी।


Download Android App
Download iOS App



