हो चि मिन्ह सिटी : पांच बार की विश्व चैम्पियन एमसी मेरीकाम और पदार्पण कर रही शिक्षा यहां पहले दौर का मुकाबले जीतने के बाद एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई, जिससे भारतीयों के लिये दिन अच्छा रहा। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मेरीकाम ने स्थानीय मुक्केबाज दियेम थि त्रिन्ह कीयू को लाइट फ्लाइवेट ( 48 किलो) में बंटे हुए फैसले पर हराया। इस वर्ग में चार बार की स्वर्ण पदक विजेता मेरीकाम ने अपने पसंदीदा भारवर्ग में वापसी की है। वह इससे पहले 51 किलो वर्ग में खेल रही थी जिसे 2012 में ओलंपिक भारवर्ग बनाया गया था।
शिक्षा (54 किग्रा) भी क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने में सफल रही, उन्होंने शुरूआती दौर में मंगोलिया की ओयुन-अर्डेने नेरगुई को पराजित किया। अब वह फेरांगिज कोशिमोवा से भिड़ेगी, जिन्हें पहले दौर में बाई मिली। मेरीकाम ने देश के लिये शुरूआत की। उन्होंने धीमी शुरूआत की लेकिन दूसरे राउंड में रफ्तार पकड़। उसने कीयू को कोई भी सीधा पंच लगाने का मौका नहीं दिया। अब मेरीकाम का सामना चीनी ताइवै की मेंग चियेह पिंग से होगा जिसने थाईलैंड की पानप्रदाब प्लोदसाइ को हराया।


Download Android App
Download iOS App



