बैंकिंग शेयरों में तेजी और विदेशी कोषों की आवक जारी रहने के कारण प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 100 अंकों से अधिक की तेजी हुई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती सत्र में 38,980.60 के ऊपरी स्तर को छूने के बाद 98.93 अंक या 0.25 प्रतिशत बढ़कर 38,942.81 पर कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर एनएसई निफ्टी 35.40 अंक या 0.31 प्रतिशत बढ़कर 11,507.65 पर था।
सेंसेक्स में सबसे अधिक चार प्रतिशत की तेजी बजाज ऑटो में हुई। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, एमएंडएम, पावरग्रिड, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में भी तेजी देखने को मिली।दूसरी ओर भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक, एचडीएफसी और टीसीएस में गिरावट हुई।
पिछले सत्र में सेंसेक्स 44.80 अंक या 0.12 प्रतिशत बढ़कर 38,843.88 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 5.80 अंक या 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 11,472.25 पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को सकल आधार पर 1,481.20 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी।
कारोबारियों ने कहा कि एशियाई शेयरों में गिरावट के रुख के बावजूद बैंकिंग शेयरों में तेजी के चलते शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांकों में तेजी आई। उन्होंने कहा कि लगातार विदेशी कोषों की आवक से भी बाजार धारणा को मजबूती मिली।


Download Android App
Download iOS App



