वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे बड़े शेयरों में बढ़त के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स मंगलवार को शुरुआती कारोबार में लगभग 400 अंक चढ़कर 62,000 अंक के पार पहुंच गया। इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक ने 62,159.78 के सर्वकालिक उच्च स्तर को छुआ। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 357.88 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 62,123.47 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी 101.05 अंक या 0.55 फीसदी की तेजी के साथ 18,578.10 पर पहुंच गया। सूचकांक ने शुरुआती सौदों में 18,604.45 के नए रिकॉर्ड उच्च स्तर को छुआ। सेंसेक्स में सबसे अधिक तीन प्रतिशत की बढ़त एलएंडटी में हुई। इसके अलावा टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एचयूएल, एक्सिस बैंक और भारती एयरटेल भी बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
दूसरी ओर आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, पावरग्रिड और कोटक बैंक में गिरावट देखने को मिली। पिछले सत्र में सेंसेक्स 459.64 अंक या 0.75 प्रतिशत बढ़कर 61,765.59 के स्तर पर और निफ्टी 138.50 अंक या 0.76 प्रतिशत बढ़कर 18,477.05 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को सकल आधार पर 512.44 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.05 फीसदी गिरकर 84.29 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।


Download Android App
Download iOS App



