मुंबई : शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 355 अंक से अधिक गोता लगाकर 38,000 अंक के नीचे बंद हुआ। सेंसेक्स 355.70 अंक की गिरावट के साथ 37,808.91 अंक तथा एनएसई निफ्टी 102.65 अंक लुढ़ककर 11,354.25 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में दो कारोबारी सत्रों में 575 अंकों की गिरावट आ चुकी है।
कारोबारियों के अनुसार पिछले सप्ताह अमेरिका तथा यूरोप से कमजोर आर्थिक आंकड़ें वैश्विक नरमी की आशंका जताते हैं। अमेरिका तथा चीन के बीच व्यापार संबंधी तनाव से भी चिंता बढ़ी है। इसके अलावा चालू वित्त वर्ष 2018-19 के समाप्त होने से पहले निवेशकों ने निवेश पोर्टफोलियो थोड़ा नीचे रखने को तरजीह दी।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सतर्क टिप्पणी से 10 साल के ट्रेजरी पर रिटर्न 2018 की शुरूआत के न्यूनतम स्तर पर चला गया है। इससे भी वैश्विक अर्थव्यवस्था की सेहत को लेकर चिंता बढ़ी है। एशिया के ज्यादातर अन्य बाजारों में भी गिरावट का रुख रहा। यूरोपीय बाजारों में भी शुरूआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गयी।


Download Android App
Download iOS App



