वैश्विक बाजारों में कमजोर संकेतों के बीच प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार के दौरान 600 अंकों से अधिक गिर गया। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में गिरावट हुई। शीर्ष तेल उत्पादक देशों के बीच उत्पादन में कटौती पर सहमति बनने के बाद निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। सेंसेक्स 30,541.97 के निचले स्तर तक गिरने के बाद खबर लिखे जाने तक 581.75 अंक या 1.87 प्रतिशत घटकर 30,577.87 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी 169.85 अंक या 1.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,942.05 अंक पर था। सेंसेक्स में बजाज फाइनेंस आठ प्रतिशत तक गिर गया। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, ओएनजीसी, टाइटन और बजाज ऑटो में भी गिरावट देखी गई। दूसरी ओर भारती एयरटेल, एलएंडटी, इंफोसिस और एनटीपीसी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
इससे पहले गुरुवार को पिछले कारोबारी सत्र में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सूचंकाक 1,265.66 अंक या 4.23 प्रतिशत बढ़कर 31,159.62 पर और एनएसई निफ्टी 363.15 अंक या 4.15 प्रतिशत बढ़कर 9111.90 पर बंद हुआ था। इस दौरान विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार थे और शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक उन्होंने सकल आधार पर 1,737.62 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयर खरीदे। गुड फ्राइडे के अवसर पर 10 अप्रैल को बाजार बंद थे। विशेषज्ञों के अनुसार कोविड-19 के बढ़ते मामलों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच कमजोर वैश्विक संकेतों ने निवेशकों की धारणा को कमजोर किया।


Download Android App
Download iOS App



