अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नीतिगत नतीजों से पहले सेंसेक्स कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स 90 अंक से ज्यादा गिर गया। इस दौरान 30 शेयरों वाला सूचकांक 90.5 अंक या 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 52,682.55 पर था, जबकि व्यापक एनएसई निफ्टी 23.55 अंक या 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 15,845.70 पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत की गिरावट पावरग्रिड में हुई। इसके अलावा डॉ रेड्डीज, टाइटन, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक भी लाल निशान में थे। दूसरी ओर ओएनजीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टीसीएस और इंफोसिस बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
पिछले सत्र में, बीएसई सेंसेक्स 221.52 अंक या 0.42 प्रतिशत बढ़कर 52,773.05 के नए शिखर पर पहुंच गया था। इसी तरह निफ्टी 57.40 अंक या 0.36 प्रतिशत बढ़कर 15,869.25 के नए उच्च स्तर पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 633.69 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.95 फीसदी बढ़कर 74.69 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



