वैश्विक बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच एचडीएफसी, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 300 अंक से अधिक चढ़ गया।
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 310.72 अंक या 0.61 प्रतिशत बढ़कर 50,851.20 पर था और व्यापक एनएसई निफ्टी 71.90 अंक या 0.47 प्रतिशत बढ़कर 15,247.20 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी पावरग्रिड में हुई। इसके अलावा एसबीआई, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, मारुति, एक्सिस बैंक और डॉ रेड्डीज भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर टाइटन, एमएंडएम, इंडसइंड बैंक और एचयूएल में गिरावट देखने को मिली। पिछले सत्र में सेंसेक्स 975.62 अंक या 1.97 प्रतिशत बढ़कर 50,540.48 पर और निफ्टी 269.25 अंक या 1.81 प्रतिशत बढ़कर 15,175.30 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को सकल आधार पर 510.16 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत बढ़कर 66.78 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



