वैश्विक बाजारों में सकारात्मक संकेतों के बीच प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 400 अंकों से अधिक की तेजी हुई। एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में बढ़त देखने को मिली। सेंसेक्स ने शुरुआती सत्र में 31,086.70 के उच्च स्तर को छुआ, जिसके बाद सूचकांक 373.67 अंक या 1.22 प्रतिशत बढ़कर 31,046.26 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी 108.70 अंक या 1.20 प्रतिशत बढ़कर 9,147.95 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक चार प्रतिशत की तेजी आईटीसी में हुई। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट और एलएंडटी में भी बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर भारती एयरटेल, टीसीएस, हीरो मोटोकॉर्प और इंफोसिस में बिकवाली देखने को मिली।
बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार के पिछले सत्र में 260.31 अंक या 0.84 प्रतिशत गिरकर 30,672.59 पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 67 अंक या 0.74 प्रतिशत गिरकर 9,039.25 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार के अनंतिम आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने शुक्रवार को पूंजी बाजार में 1,353.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। बाजार सोमवार को ईद-उल-फितर के अवसर पर बंद थे।


Download Android App
Download iOS App



