वैश्विक बाजारों से सकारात्मक रुझान मिलने और विदेशी कोषों की आवक जारी रहने के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 250 अंकों से अधिक की तेजी हुई। इस दौरान सूचकांक को आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी और एलएंडटी जैसे बड़े शेयरों से समर्थन मिला।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स ने सर्वकालिक उच्च स्तर 46,373.34 को छुआ, और खबर लिखे जाने तक 235.41 अंक या 0.51 प्रतिशत बढ़कर 46,334.42 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 69.70 अंक या 0.52 प्रतिशत बढ़कर 13,583.55 पर था। इससे पहले सेंसेक्स ने 13,588.40 के उच्च स्तर को छुआ।
सेंसेक्स में सबसे अधिक तीन प्रतिशत की तेजी ओएनजीसी में हुई। इसके अलावा टाटा स्टील, एलएंडटी, सन फार्मा, एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक और एनटीपीसी में तेजी के साथ कारोबार हो रहा था। दूसरी ओर टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज में गिरावट हुई।
पिछले सत्र में सेंसेक्स 139.13 अंक या 0.30 प्रतिशत बढ़कर 46,099.01 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 35.55 अंक या 0.26 प्रतिशत बढ़कर 13,513.85 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने शुक्रवार को पूंजी बाजार में सकल आधार पर 4,195.43 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरे एशियाई बाजारों में शंघाई, सियोल और टोक्यो में तेजी थी, जबकि हांगकांग लाल निशान में कारोबार कर रहा था। इस बीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.52 फीसदी बढ़कर 50.23 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



